राजद नेता तेजस्वी यादव पर अब चुनाव आयोग का शिकंजा कसता दिख रहा है। चुनाव आयोग ने तेजस्वी यादव से दो-दो वोटर आईडी कार्ड रखने के मामले में जवाब मांग लिया है। कल ही टाइम्स नाउ नवभारत ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी थी कि चुनाव आयोग ने तेजस्वी यादव के खिलाफ जांच शुरू कर दी। चुनाव आयोग ने आशंका जताई है कि दूसरा वोटर आईडी कार्ड फर्जी दस्तावेज के जरिए बना हो सकता है।
राजद नेता तेजस्वी यादव (फोटो- tejashwiyadav)
ये भी पढ़ें- तेजस्वी यादव के वोटर ID पर ECI का बड़ा खुलासा: दूसरा EPIC नंबर रिकॉर्ड में नहीं, जांच शुरू
निर्वाचन आयोग का आदेश
निर्वाचन आयोग ने राजद नेता तेजस्वी यादव से जांच के लिए अपना ईपीआईसी कार्ड सौंपने को कहा, क्योंकि यह आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार पटना के निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी ने राजद नेता तेजस्वी यादव को पत्र लिखकर उनसे अनुरोध किया है कि वे कल आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके द्वारा उल्लिखित ईपीआईसी कार्ड का विवरण उपलब्ध कराएं, ताकि इसकी पूरी जांच की जा सके।
तेजस्वी का आरोप
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को दावा किया कि बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रकाशित ‘मसौदा मतदाता सूची’ में उनका नाम नहीं है। एक प्रेस वार्ता के दौरान, पूर्व उपमुख्यमंत्री यादव ने अपने फोन को एक बड़ी स्क्रीन से जोड़ा और ऑनलाइन अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) नंबर खोजने की कोशिश की, जिससे परिणाम आया कि ‘कोई रिकॉर्ड नहीं मिला’। संबंधित अधिकारियों द्वारा खंडन किए जाने पर उन्होंने आरोप लगाया कि उनका मतदाता पहचान पत्र नंबर “बदला हुआ” था।
चुनाव आयोग ने क्या कहा
पूर्व उपमुख्यमंत्री को संबोधित एक पत्र में पटना सदर के अनुविभागीय मजिस्ट्रेट सह दीघा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी ने कहा, “हमारी प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि दो अगस्त को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आपने जिस ईपीआईसी नंबर का ज़िक्र किया था, वह आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया गया था। इसलिए आपसे अनुरोध है कि विस्तृत जांच के लिए ईपीआईसी कार्ड की मूल प्रति हमें सौंप दें।” इसके बाद राजद नेता ने आरोप लगाया कि उनका ईपीआईसी नंबर “बदल दिया गया” है, लेकिन जिला मजिस्ट्रेट त्यागराज एस एम ने इस दावे को खारिज कर दिया।जिलाधिकारी ने कहा, “मतदाता सूची में ईपीआईसी नंबर वही है जो विपक्ष के माननीय नेता ने 2020 के विधानसभा चुनावों में अपने हलफनामे में प्रस्तुत किया था। यदि उनके पास किसी अन्य नंबर वाला कोई अन्य ईपीआईसी कार्ड भी है, तो यह जांच का विषय है।”
