Election Year Ender 2024: चुनावों के मद्देनजर साल 2024 बेहद अहम रहा। इस साल न सिर्फ आम चुनाव हुए बल्कि कई राज्यों में विधानसभा चुनाव भी हुए। आम चुनाव और विधानसभा चुनावों के मतगणना के दिन नतीजों ने पूरे देश को चौंकाया। अच्छे-अच्छे सियासी पंडित भी नतीजों का अनुमान लगाने में नाकाम रहे। आम चुनाव ने जहां भारतीय जनता पार्टी को झटका दिया, वहीं हरियाणा और महाराष्ट्र ने कांग्रेस को बुरी तरह निराश किया। 2024 की विदाई हो रही है, ऐसे में क्या रहे इन चुनावों के नतीजे और क्या रही नई तस्वीर विस्तार से जानते हैं।
2024 का चुनावी सफरनामा
लोकसभा चुनाव 2024
लोकसभा चुनाव 2024 कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। कुल सात चरणों में हुए मतदान के बाद लोगों को मतगणना का बेसब्री से इंतजार था। जब नतीजे आए तो काफी हद तक चौंकाने वाले रहे। सियासी पंडित भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाले एनडीए को प्रचंड बहुमत का अनुमान लगा रहा था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। एनडीए बमुश्किल ही बहुमत का आंकड़ा 272 पार करने में कामयाब रही। खास तौर पर नतीजे बीजेपी के लिए निराशाजनक रहे। बीजेपी ने इस बार अबकी बार-400 पार का नारा दिया था, लेकिन एनडीए 300 तक भी नहीं पहुंच सका। खुद बीजेपी अपने दम पर बहुमत का आंकड़ा पार नहीं कर पाई।
कांग्रेस का प्रदर्शन इस बार थोड़ा सुधरा हुआ नजर आया। हांलांकि पार्टी 100 का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकीऔर 99 पर ही अटक गई। राहुल गांधी वायनाड और अमेठी से जीत हासिल की। अमेठी में स्मृति ईरानी को इस बार हार मिली। बीजेपी को सबसे बड़ा झटका उत्तर प्रदेश में लगा। यहां समाजवादी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन ने उसे बड़ा नुकसान पहुंचाया। बीजेपी उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से 33 सीटों पर ही जीत हासिल कर सकी। सपा ने 36 सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस ने 6 सीटों पर कब्जा जमाया। कांग्रेस को अमेठी, रायबरेली, बाराबंकी, सीतापुर, सहारनपुर व इलाहाबाद लोकसभा सीट पर सफलता मिली। कुल मिलाकर बीजेपी को भारी निराशा ही हाथ लगी। उसे 240 सीटों से ही संतोष करना पड़ा।
किसे कितनी सीटें मिलीं
| दल का नाम | सीटें | पार्टी | कुल |
|---|---|---|---|
| भारतीय जनता पार्टी - BJP | 240 | BJP | 240 |
| इंडियन नेशनल काँग्रेस - INC | 99 | INC | 99 |
| समाजवादी पार्टी - SP | 37 | SP | 37 |
| आल इण्डिया तृणमूल कांग्रेस - AITC | 29 | AITC | 29 |
| द्रविड़ मुनेत्र कड़गम - DMK | 22 | DMK | 22 |
| तेलुगु देशम - TDP | 16 | TDP | 16 |
| जनता दल (यूनायटेड) - JDU | 12 | JDU | 12 |
| शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) - SHSUBT | 9 | SHSUBT | 9 |
| नेशनलिस्ट काँग्रेस पार्टी- शरदचंद्र पवार - NCP-SP | 8 | NCP-SP | 8 |
| शिवसेना - SHA | 7 | SHA | 7 |
| लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) - LJPRV | 5 | LJPRV | 5 |
| युवजन श्रमिक रयाथु कॉंग्रेस पार्टी - YSRCP | 4 | YSRCP | 4 |
| राष्ट्रीय जनता दल - RJD | 4 | RJD | 4 |
| कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया (मार्क्ससिस्ट) - CPI(M) | 4 | CPI(M) | 4 |
| इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग - IUML | 3 | IUML | 3 |
| आम आदमी पार्टी - AAP | 3 | AAP | 3 |
| झारखण्ड मुक्ति मोर्चा - JMM | 3 | JMM | 3 |
| जनसेना पार्टी - JNP | 2 | JNP | 2 |
| कम्यूनिष्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्ससिस्ट - लेनिनिस्ट) (लिबरेशन) - सीपीआई(एमएल)(एल) | 2 | CPIML | 2 |
| जनता दल (सेक्युलर) - JDS | 2 | JDS | 2 |
| विदुथलाई चिरूथईगल काची - VCK | 2 | VCK | 2 |
| कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया - CPI | 2 | CPI | 2 |
| राष्ट्रीय लोक दल - RLD | 2 | RLD | 2 |
| जम्मू एण्ड कश्मीर नेशनल काँफ्रेंस - JKN | 2 | JKN | 2 |
| युनाईटेड पीपुल्स पार्टी, लिबरल | 1 | UPP | 1 |
| असम गण परिषद - AGP | 1 | AGP | 1 |
| हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) - HAMS | 1 | HAM(S) | 1 |
| केरल कांग्रेस - KEC | 1 | KEC | 1 |
| रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी - RSP | 1 | RSP | 1 |
| नेशनलिस्ट कॉंग्रेस पार्टी - NCP | 1 | NCP | 1 |
| वॉइस ऑफ़ द पीपल पार्टी | 1 | VPP | 1 |
| जोरम पीपुल्स मुवमेंट | 1 | JPM | 1 |
| शिरोमणि अकाली दल - SAD | 1 | SAD | 1 |
| राष्ट्रीय लोकतान्त्रिक पार्टी | 1 | RLP | 1 |
| भारत आदिवासी पार्टी | 1 | BAP | 1 |
| सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा - SKM | 1 | SKM | 1 |
| मरुमलार्ची द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम - MDMK | 1 | MDMK | 1 |
| आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) | ASP | 1 | |
| अपना दल (सोनेलाल) - | 1 | AD(S) | 1 |
| आजसु पार्टी - एजेएसयूपी | 1 | AJSUP | 1 |
| ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन - AIMIM | 1 | AIMIM | 1 |
| निर्दलीय | 7 | 7 | |
| कुल | 543 |
विधानसभा चुनाव नतीजे
लोकसभा चुनाव 2024 के साथ ही अरुणाचल, सिक्किम, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में विधानसभा चुनाव भी हुए थे। इनमें आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू की अगुवाई में टीडीपी ने प्रचंड बहुमत हासिल किया। वहीं, ओडिशा में बीजेपी ने नवीन पटनायक की सत्ता का अंत किया। इसके बाद सितंबर-अक्तूबर 2024 में जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में जबकि नवंबर 2024 में झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव हुए।
आंध्र प्रदेश
आंध्र प्रदेश में टीडीपी-बीजेपी-जनसेना के गठबंधन ने वाईएसआर कांग्रेस की सत्ता में वापसी का सपना चकनाचूर कर दिया। चंद्रबाबू नायडू के गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला और उन्होंने एक बार फिर सीएम पद की कमान सभाली। टीडीपी ने 135 सीटें जीतकर आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव जीता, जबकि जन सेना पार्टी को 21 सीटें, मौजूदा वाईएसआर कांग्रेस पार्टी को 11 सीटें और भाजपा को आठ सीटें मिलीं।
ओडिशा
ओडिशा में बीजेपी ने पहली बार अपने दम पर सरकार बना ली वो भी प्रचंड बहुमत के साथ। नवीन पटनायक के 24 साल के शासन का अंत हुआ और पहली बार राज्य में बीजेपी का मुख्यमंत्री बना। बीजेपी को 78, बीजेडी को 51 सीटें मिलीं।
जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन ने जीत हासिल की। जम्मू क्षेत्र में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस को जबरदस्त झटका लगा। उसने सरकार से दूर रहना ही बेहतर समझा। नेशनल कांफ्रेंस ने 42 सीटें जीतकर सरकार बनाई, बीजेपी को 29 सीटें और कांग्रेस को 6 सीटें मिलीं।
हरियाणा
हरियाणा में जो नतीजे आए उसने सियासी पंडितों को भी हैरान कर दिया। जिस बीजेपी के लिये कहा जा रहा था कि उसकी बुरी तरह हार होगी, उसने जीत की हैट्रिक लगा दी। कांग्रेस के हाथ से जीती हुई बाजी निकल गई। बीजेपी ने 48 सीटें जीतकर सरकार बनाई, कांग्रेस को 37 सीटें मिलीं।
झारखंड
वहीं, झारखंड में हेमंत सोरेन की अगुवाई में जेएमएम ने सत्ता में वापसी कर चौंकाया, बीजेपी को निराशा हाथ लगी। हेमंत सोरेन ने जेल से लौटकर पार्टी को इस तरह एकजुट किया कि बीजेपी उससे पार नहीं पा सकी। चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा की अगुवाई में इंडिया ब्लॉक ने 56 सीटें जीतीं। जेएमएम ने 34, कांग्रेस ने 16, आरजेडी ने चार और सीपीआई-माले ने दो सीटें जीती हैं जबकि बीजेपी ने 21, आजसू और एलजेपी-रामविलास ने एक-एक सीटें हीं जीती।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र के नतीजों ने भी देश को चौंकाया। बीजेपी की अगुवाई वाली महायुति गठबंधन की हार तय बताई जा रही थी। लेकिन उसने कांग्रेस-एनसीपी (शरद पवार)-शिवसेना (यूबीटी) गठबंधन को बुरी तरह हराकर सत्ता में वापसी की। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। कुल 288 सीटों में से बीजेपी ने 132, शिवसेना (शिंदे) ने 57 और एनसीपी ने 41 सीटों पर कब्जा जमाया और महायुति ने सरकार बना ली। एमवीए को महज 46 सीटें ही मिलीं।
