एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के माध्यम से जब दुनिया के सामने भारत की टेक्नोलॉजी क्षमता प्रदर्शित की जा रही थी,उसी दौरान भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस की ‘चड्डी-बनियान गैंग’ने अशोभनीय हंगामा किया। इससे देश की सबसे पुरानी पार्टी ने देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मसार किया। यह देशप्रेम नहीं,बल्कि देशद्रोह जैसा कृत्य है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और उसके नेताओं से देश की जनता से माफी मांगने को भी कहा।
एकनाथ शिंदे
'विदेशी मेहमानों के सामने अपने ही देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास'
‘एक्स’पर एक पोस्ट में उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कांग्रेस की इस प्रवृत्ति की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि यदि भारत–अमेरिका समझौते पर कांग्रेस को आपत्ति है,तो उसे तर्कों के साथ सैद्धांतिक विरोध करना चाहिए था। इसके बजाय,भारत मंडपम में हंगामा कर देश के लोकप्रिय और कर्मठ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की गई और विदेशी मेहमानों के सामने अपने ही देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तंज कसते हुए कहा कि विदेश जाकर भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करने वाले राहुल गांधी जैसे नेताओं के रहते,उनके युवा कार्यकर्ताओं से और क्या अपेक्षा की जा सकती है?
'राहुल गांधी अपनी पार्टी चलाने के भी योग्य नहीं'
वहीं, दूसरी ओर शिवसेना नेता श्रीकांत शिंदे ने भी यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए शिंदे ने कहा कि राहुल गांधी न तो अपनी पार्टी चलाने के योग्य हैं और न ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाने के लायक। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैश्विक स्तर पर भारत को तकनीकी और आर्थिक शक्ति के रूप में प्रस्तुत करने के लिए नवोन्मेषकों, निवेशकों और नेताओं को एक मंच पर ला रहे हैं, उस समय कांग्रेस ने “गंभीरता के बजाय प्रदर्शन” का रास्ता चुना। उन्होंने कहा कि यह वह क्षण था जब भारत की बढ़ती वैश्विक साख को दिखाया जाना था,लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऐसा व्यवहार किया जिससे राष्ट्र की छवि प्रभावित हुई।
कांग्रेस के खिलाफ शिवसेना का आंदोलन
इससे पहले, शनिवार दोपहर मुंबई स्थित बालासाहेब भवन में शिवसैनिकों ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार आंदोलन किया। ‘राहुल गांधी मुर्दाबाद’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस आंदोलन में पूर्व महापौर दत्ता दळवी, पूर्व नगरसेवक कमलेश राय, शिवसेना सचिव एवं चित्रपट सेना अध्यक्ष सुशांत शेलार, पूर्व नगरसेवक राजू पेडणेकर, दिलीप नाइक, विभाग प्रमुख गणेश सानप, नीलम पवार सहित महिला आघाड़ी, युवती सेना और बड़ी संख्या में शाखा प्रमुख व शिवसैनिक शामिल हुए। शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शायना एन.सी. ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उसे देशविरोधी करार दिया और उसकी कड़ी आलोचना की।
दरअसल, एआई इम्पैक्ट समिट के एक प्रदर्शनी हॉल में इंडियन यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने 'शर्टलेस प्रोटेस्ट' किया। प्रदर्शनकारी टी-शर्ट हाथ में लेकर घूम रहे थे, जिन पर सरकार और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे लिखे थे।
