ED summons Robin Uthappa: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 1xBet सट्टेबाजी ऐप मामले में जांच तेज कर दी है। अब इस मामले की आंच क्रिकेट और बॉलीवुड जगत तक पहुंच चुकी है। मंगलवार को ED ने पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा को 22 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है। इसके बाद 23 सितंबर को युवराज सिंह और 24 सितंबर को बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद को पूछताछ के लिए समन भेजा गया है। इससे पहले 16 सितंबर को ED ने बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला और बंगाली एक्टर अंकुश हाजरा को तलब किया था। अंकुश हाजरा तो पूछताछ के लिए ED दफ्तर पहुंचे, लेकिन उर्वशी रौतेला हाजिर नहीं हुईं।
ED ने सोनू सूद, युवराज और उथप्पा को जारी किया समन
उथप्पा 22 सितंबर को तलब
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा को कथित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धन शोधन मामले में 22 सितंबर को पूछताछ के लिए तलब किया है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 39 वर्षीय उथप्पा को 1xBet नामक प्लेटफॉर्म से जुड़े एक मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अपना बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि उन्हें 22 सितंबर को गवाही देने के लिए कहा गया है।
सुरेश रैना और शिखर धवन से हो चुकी है पूछताछ
ED का कहना है कि इन सभी से यह जानना जरूरी है कि 1xBet एप का प्रमोशन करने के लिए इन्हें किसने संपर्क किया और इसके बदले में इन्हें कितनी और किस तरह से पेमेंट की गई। बता दें कि इस मामले में ED पहले ही शिखर धवन और सुरेश रैना से पूछताछ कर चुकी है। उथप्पा अब तक दिल्ली में इस मामले में तलब किए जाने वाले तीसरे पूर्व भारतीय क्रिकेटर हैं। संघीय जांच एजेंसी पिछले कुछ हफ्तों में पूर्व क्रिकेटरों सुरेश रैना और शिखर धवन से पूछताछ कर चुकी है। इस मामले में सोमवार को पूर्व टीएमसी सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती का भी बयान दर्ज किया गया। बताया गया है कि मिमी से अधिकारियों ने करीब 9 घंटे तक पूछताछ की।
आज अंकुश हाजरा से हुई पूछताछ
आज बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा मामले में अपने निर्धारित समन पर मंगलवार को ईडी के समक्ष पेश हुए, जबकि 1xBet की भारत ब्रांड एंबेसडर और अभिनेत्री उर्वशी रौतेला मंगलवार को अपनी निर्धारित तारीख पर अभी तक पेश नहीं हुई हैं। यह जांच कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से संबंधित है, जिनके बारे में कहा गया है कि उन्होंने कई लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी की है या भारी मात्रा में टैक्स की चोरी की है।
कंपनी के अनुसार, 1xBet एक विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त सट्टेबाज है जो सट्टेबाजी उद्योग में 18 वर्षों से कार्यरत है। कंपनी के अनुसार, ब्रांड के ग्राहक हजारों खेल आयोजनों पर दांव लगा सकते हैं, और कंपनी की वेबसाइट और ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध हैं।
क्या है 1xBet मामला?
1xBet एक ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म है जो भारत में अवैध रूप से चल रहा है। यहां सट्टेबाजी और जुआ खेलने की सुविधा दी जाती है। भारतीय कानूनों के मुताबिक इस तरह की गतिविधियां गैरकानूनी हैं। 2023 में केंद्र सरकार ने ऐसे 174 ऐप्स पर बैन लगाया था, जिसमें 1xBet भी शामिल था। इसके अलावा 2025 में ही बना प्रमोशन एंड रेगुलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट साफ कहता है कि किसी भी तरह की ऑनलाइन सट्टेबाजी गैरकानूनी है और इसमें शामिल लोगों पर कड़ी सजा का प्रावधान है।
