Earthquake in India : देश में शुक्रवार को तीन राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मणुपर में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इन सभी जगहों पर भूकंप की तीव्रता बहुत ज्यादा तो नहीं थी लेकिन झटके महसूस होने के बाद लोग अपने घरों से बाहर आ गए। भूकंप की सबसे ज्यादा तीव्रता मध्य प्रदेश के ग्वालियर में महूसस की गई। यहां रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4 मापी गई। राष्ट्रीय भू-विज्ञान केंद्र के मुताबिक ग्वालियर में सुबह 10 बजकर 31 मिनट पर झटके महसूस किए गए।
भारत में शुक्रवार को 3 जगहों पर आया भूकंप।
छत्तीसगढ़ में सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर भूकंप
एनसीएस के मुताबिक छत्तीसगढ़ में सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.9 रही। मणिपुर के मोइरांग में भी शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां सुबह आठ बजकर 52 मिनट पर 3.9 तीव्रता का भूकंप आया।
An earthquake with a magnitude of 4.0 on the Richter Scale hit 28km SE of Gwalior, Madhya Pradesh today at 10:31 am… t.co/LlO4LNEfkW
— ANI (@ANI) Mar 24, 2023
मंगलवार रात दिल्ली-एनसीआर में हिली धरती
इससे पहले गत मंगलवार रात दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस हुए। दिल्ली-एनसीआर में रात साढ़े दस बजे के करीब आए भूकंप के झटके इतने तीव्र थे कि लोग अपने घरों एवं इमारतों से बाहर निकल आए और काफी देर तक दहशत में रहे। 6.5 की तीव्रता वाले इस भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में 180 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप से अफगानिस्तान में 10 जबकि पाकिस्तान में 11 लोगों की मौत हुई है।
दिल्ली में बुधवार को भी आया भूकंप
दिल्ली में गत बुधवार को भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीसमोलॉजी के अनुसार रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 2.7 थी और यह करीब 4 बजकर 42 मिनट पर आया था। जिसकी लोकेशन नई दिल्ली से 17 किलोमीटर दूर थी। इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। दिल्ली में भूकंप के झटके आने के बाद दमकल विभाग को जामिया नगर, कालकाजी, शाहदरा इलाकों में इमारतों के झुकने एवं उनमें दरार आने की शिकायतें मिलीं। बाद में अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के बाद इमारतों में कोई झुकाव नहीं आया।
