मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को मिलाया फोन; हॉर्मुज स्ट्रेट को लेकर इस बात पर दोनों नेता सहमत

मध्य पूर्व में तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति और पीएम मोदी के बीच अहम वार्ता हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने वैश्विक सप्लाई को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कूटनीति और शांति स्थापित करने पर जोर दिया।

मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर वार्ता की है। दोनों के बीच फोन पर हुई बातचीत में मिडिल ईस्ट हालात पर चर्चा हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने हॉर्मुज़ स्ट्रेट को खुला रखने की अहमियत पर जोर दिया। साथ ही वैश्विक सप्लाई को लेकर चिंता जताई। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इस बात की जानकारी दी।

modi trump

पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)

पीएम मोदी बोले - होर्मुज जलडमरूमध्य का खुला, सुरक्षित और सुलभ रहना पूरी दुनिया के लिए आवश्यक

पीएम मोदी ने भी ट्रंप से वार्ता के बाद जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें फोन किया था। इस दौरान पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों का उपयोगी आदान-प्रदान हुआ। पीएम मोदी ने कहा कि भारत तनाव कम करने और जल्द से जल्द शांति बहाल करने का समर्थन करता है। होर्मुज जलडमरूमध्य का खुला, सुरक्षित और सुलभ रहना पूरी दुनिया के लिए आवश्यक है। वार्ता के दौरान हमने शांति और स्थिरता के प्रयासों के संबंध में संपर्क में रहने पर सहमति जताई।

End of Feed