कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके ने एफिल टॉवर पर एक हिंदू धार्मिक समूह के दौरे के दौरान महिला कर्मचारियों को कथित तौर पर दूर रहने के लिए कहे जाने पर मचे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए दिपके ने X पर लिखा, 'पिछड़ी सोच वाले पुरुषों को धर्म का संरक्षक न बनने दें।'
कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दिपके (फाइल फोटो)
उन्होंने आगे कहा, 'जो पुरुष आस्था का इस्तेमाल महिलाओं पर नजर रखने, नैतिकता तय करने और दूसरों की आजादी छीनने के लिए करते हैं, वे धर्म और देश दोनों के लिए शर्मिंदगी के अलावा कुछ नहीं लाएंगे।'
रिपोर्ट के मुताबिक, महिलाओं से हिंदू प्रतिनिधिमंडल से दूर रहने को कहा गया
शनिवार को, हिंदू संगठन 'बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था' (BAPS) से जुड़े लगभग 100 लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एफिल टॉवर का निजी दौरा किया। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरे के दौरान महिला कर्मचारियों से कहा गया कि वे नजर से दूर हट जाएं। यूनियन की प्रतिनिधि डायने डेवोइन ने रॉयटर्स को बताया, 'जब प्रतिनिधिमंडल वहां से गुजरा, तो महिलाओं से अपने वर्कस्टेशन छोड़ने को कहा गया ताकि पुरुष उनकी जगह ले सकें।'
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: महिला स्टॉफ को हटाने पर कर्मियों ने बंद किया एफिल टावर, हिंदू धार्मिक समूह की यात्रा के दौरान हुआ विवाद
डायन डेवोइन ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि महिला कर्मचारियों से कहा गया था कि वे वहां आए प्रतिनिधिमंडल के 'संपर्क में न रहें'। डेवोइन ने बाद में बताया कि इस घटना के लिए मैनेजमेंट ने स्टाफ से माफी मांगी और सोमवार को हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद मंगलवार को स्मारक को खोल दिया गया। पेरिस के मेयर इमैनुएल ग्रेगोआर ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि 'एफिल टावर के कर्मचारियों के बीच पैदा आक्रोश' की उन्हें जानकारी है और ऐसी शर्तों पर सहमति जताया जाना 'अस्वीकार्य' है।
बीएपीएस हिंदू मंदिर ने 'इससे हुई पीड़ा या असुविधा' के लिए माफी मांगते हुए एक बयान जारी किया
इस बीच, पेरिस स्थित बीएपीएस हिंदू मंदिर ने 'इससे हुई पीड़ा या असुविधा' के लिए माफी मांगते हुए एक बयान जारी किया है। उसने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी बयान में कहा, 'हम उठाई गई चिंताओं को समझते हैं और उन्हें बेहद गंभीरता से लेते हैं। हमारे प्रतिनिधिमंडल में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे, इसलिए अन्य पर्यटकों को कम से कम असुविधा हो, इसे ध्यान में रखते हुए एफिल टावर की टीम के साथ समन्वय कर दौरे का आयोजन टावर के खुलने के सामान्य समय की शुरुआत में किया गया था।' बयान में कहा गया है, 'हमारी जानकारी के अनुसार, किसी भी समय किसी को एफिल टावर में प्रवेश करने से नहीं रोका गया। फिर भी, हम उन सभी लोगों से दिल से माफी मांगना चाहते हैं, जिन्हें इस स्थिति से ठेस पहुंची या किसी तरह की असुविधा हुई।'
