Tamil Nadu Polls: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही सत्तारूढ़ डीएमके और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे और सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर मनमुटाव बढ़ने लगा। कांग्रेस ने सीट बंटवारे की बातचीत के लिए 70 दिन पहले ही एक समिति गठित कर दी थी, लेकिन द्रमुक ने अभी तक ऐसा नहीं किया। हालांकि, पार्टी 22 फरवरी से बातचीत करने के लिए एक समिति गठित करने जा रही है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो साभार: @mkstalin)
कांग्रेस को सम्मानजनक व्यवहार की अपेक्षा
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी तमिलनाडु में गठबंधन के भीतर द्रमुक से सम्मानजनक व्यवहार की अपेक्षा करती है। दरअसल, तमिलनाडु में द्रमुक नेताओं की ओर से सत्ता-साझेदारी पर हालिया टिप्पणियों के बाद दोनों दलों के बीच तनातनी की स्थिति बनी हुई है।
मणिकम टैगोर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता 'इंसान हैं, रोबोट नहीं', और वे द्रमुक नेताओं द्वारा की गई टिप्पणियों का जवाब देंगे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ''कांग्रेस पार्टी एक बड़े जहाज की तरह है... हम एक राष्ट्रीय पार्टी हैं और दिल्ली में 'इंडिया' गठबंधन का नेतृत्व कर रहे हैं। यहां हम द्रमुक के साथ बने रहेंगे।''
'राहुल-स्टालिन के बीच हैं अच्छे संबंध'
कांग्रेस सांसद ने कहा कि कांग्रेस द्वारा सीट बंटवारे की बातचीत के लिए एक समिति गठित किए जाने के बाद 70 दिनों से अधिक का समय बीत चुका है और उन्हें मीडिया के माध्यम से पता चला है कि सत्तारूढ़ द्रमुक ने घोषणा की है कि वह 22 फरवरी से बातचीत करने के लिए एक समिति का गठन करेगी। उन्होंने कहा, ''हमें उम्मीद है कि हमारे साथ अच्छा व्यवहार किया जाएगा। राहुल गांधी द्रमुक प्रमुख एम.के. स्टालिन को अपने भाई की तरह मानते हैं। दोनों के बीच संबंध बहुत अच्छे हैं।''
राहुल-कनिमोझी की हुई थी मुलाकात
जनवरी के आखिरी सप्ताह में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और द्रमुक नेता कनिमोझी के बीच हुई मुलाकात के बावजूद सीट बंटवारे का मुद्दा सुलझ नहीं पाया। उस वक्त सूत्रों के हवाले से एक जानकारी सामने आई, जिसमें बताया गया था कि दोनों के बीच उन मुद्दों पर चर्चा हुई जिन्हें हल करने की जरूरत है। हालांकि, बैठक में कांग्रेस की सीटों की संख्या को लेकर चर्चा नहीं हुई, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि कांग्रेस कम से कम 30 सीटों और सत्ता में समुचित भागीदारी की चाहत रखती है।
गठबंधन सरकार की संभावना नहीं
हाल ही में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में गठबंधन सरकार की संभावना से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि तमिलनाडु में गठबंधन सरकार की कोई संभावना नहीं है। इसके बाद, स्टालिन सरकार में मंत्री राजा कन्नप्पन का एक बयान सामने आया जिसमें उन्होंने कहा कि द्रमुक अगला चुनाव 160 से 170 सीटों पर लड़ेगी और पार्टी को भरोसा है कि वह लगभग 160 सीटें जीत सकती हैं।
