Sonam Raghuvanshi News : इंदौर के राजा रघुवंशी मर्डर केस में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। राजा की पत्नी सोनम भी गाजीपुर पुलिस की हिरासत में है। सोनम को औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने के लिए मेघालय पुलिस की एक टीम गाजीपुर पहुंचने वाली है। इस बीच, मेघालय पुलिस ने राजा की हत्या प्रेम प्रसंग की वजह से होने की आशंका से इंकार नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार हुए राज कुशवाहा के साथ सोनम का अफेयर हो सकता है। राजा हत्याकांड में पुलिस ने कुशवाहा सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि अपनी शादी के बाद सोनम ने कथित रूप से राजा की हत्या की साजिश रची और हत्या की सुपारी दी।
गाजीपुर में सोनम को गिरफ्तार करेगी मेघालय पुलिस।
सा लगता है कि सोनम का कोई ब्वॉयफ्रेंड था-पुलिस
इस्ट खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सायम से यह पूछे जाने पर कि क्या कुशवाहा और सोनम के बीच लव अफेयर था? पुलिस अधिकारी ने कहा, 'गाजीपुर पहुंचने के बाद मेघालय पुलिस सोनम को गिरफ्तार करेगी और उसे ट्रांसिट रिमांड पर लेकर यहां आएगी...हां, ऐसा लगता है कि सोनम का कोई ब्वॉयफ्रेंड था। मेघालय पुलिस की दो टीम इस समय मध्य प्रदेश में है। सोनम को गिरफ्तार करने के लिए एक टीम यूपी जा रही है। यह बात सही है कि उसने अपने रिश्तेदारों को फोन किया लेकिन यह सब तब हुआ जब छापे मारे गए। अगर आप तार्किक रूप से देखें तो इतने सारे दिनों तक वह सामने नहीं आई लेकिन पिछली रात जब राज कुशवाहा और अन्य पकड़े गए तो अचानक से सोनम सामने आ गई। यह खुद ही अपनी कहानी कहता है।'
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में पहली गिरफ्तारी 19 साल के आकाश राजपूत की हुई। वह ललितपुर का रहने वाला है। दूसरा आरोपी विशाल सिंह चौहान है, इसकी उम्र 22 साल की है। यह इंदौर निवासी है। तीसरा आरोपी राज सिंह कुशवाहा (21) है। यह गाजीपुर का रहने वाला है। चौथे आरोपी को सागर जिले से पकड़ा गया है। एक व्यक्ति नंदगढ़ पुलिस स्टेशन में हिरासत में रखा गया है।
23 मई को हुई राजा की हत्या
सोयम ने कहा कि इन लोगों ने राजा की हत्या 23 मई को की। हत्या करने के बाद ये घटनास्थल से तुरंत फरार हो गए। घटना के समय हमें यह पता नहीं था कि यह मर्डर है। हमने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की थी और हम इस दिशा में जांच कर रहे थे लेकिन हमें कोई नहीं मिला। राजा का शव दो जून को मिला और इसके बाद एसआईटी बनाई गई और फिर मर्डर की जांच शुरू हुई। पुलिस अधिकारी ने कहा कि हो सकता है कि इस पूरी साजिश में राज कुशवाहा शामिल रहा हो।
'सोनम का कर्मचारी है राज कुशवाहा'
उन्होंने कहा, 'यदि आप डॉट्स कनेक्ट करें तो हत्या की वजह और अपराध के बारे में सुराग मिलते हैं। सभी के यहां आने पर हम इनसे इस हत्याकांड के बारे में पूछताछ करेंगे। 23 मई के बाद से सोनम लापता थी और कल जब हमारा ऑपरेशन शुरू हुआ तो अचानक से वह सामने आ गई।' वहीं राजा के भाई विपुल रघुवंशी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि राज कुशवाहा, सोनम का कर्मचारी थी और वे दोनों पर फोन पर बात करते थे।
