Safety inspection of Boeing 787 : अहमदाबाद में गुरुवार को हुए विमान हादसे के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) एक्शन में आ गया है। इसने एयर इंडिया को निर्देश जारी कर उसके बेड़े में शामिल बोइंग के सभी विमानों की अतिरिक्त सुरक्षा जांच करने के लिए कहा है। एयर इंडिया बोइंग के जेनएक्स इंजन लगे 787-8 और 787-9 विमानों को उड़ाती है। डीजीसीए ने यह कदम विमान परिचालन से जुड़ी सुरक्षा और नियामक मानकों को कड़ाई से पालन कराने के लिए उठाया है।
अहमदाबाद में गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त हुआ एयर इंडिया का विमान।
डीजीसीए का यह निर्देश 15 जून की रात से लागू होगा। अब एयर इंडिया को बोइंग विमानों के रवाना से पहले उनकी सुरक्षा जांच करनी होगी। इसमें खास तौर से फ्यूल पैरामीटर मॉनिटरिंग सिस्टम, केबिन एयर कम्प्रेशर, इलेक्ट्रानिक कंट्रोल सिस्टम एवं अन्य जांच शामिल हैं।
पावर एश्योरेंस जांच दो सप्ताह के भीतर पूरी हो
इसके अतिरिक्त, DGCA ने निर्देश दिया है कि अगले आदेश तक ‘फ्लाइट कंट्रोल निरीक्षण’ को ट्रांजिट निरीक्षणों में शामिल किया जाए। पावर एश्योरेंस जांच दो सप्ताह के भीतर पूरी की जानी चाहिए, और एयर इंडिया को पिछले 15 दिनों में देखी गई किसी भी बार-बार आने वाली मेंटेनेंस समस्याओं को तुरंत समाधान करना होगा। इन सभी जांचों की रिपोर्ट और निष्कर्ष DGCA को आगे की समीक्षा के लिए पेश किया जाना चाहिए। यह निर्देश सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से जारी किया गया है ताकि परिचालन सुरक्षा को और बेहतर बनाया जा सके।
लंदन जाने के लिए विमान ने किया था टेक ऑफ
इससे पहले राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारियों ने शुक्रवार को अहमदाबाद विमान दुर्घटना स्थल का दौरा किया। लंदन के लिए रवाना हुआ बोइंग 787 ड्रीमलाइनर (एआई171) विमान बृहस्पतिवार दोपहर सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद मेघाणी नगर क्षेत्र में एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें यात्री और चालक दल के सदस्यों समेत 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई।
