देवेंद्र फडणवीस का आज राजतिलक, तीसरी बार लेंगे महाराष्ट्र के सीएम पद की शपथ, जानिए बड़ी बातें

बुधवार को मुंबई में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक हुई, जिसमें देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री चुना गया। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जबकि सुधीर मुनगंटीवार और पंकजा मुंडे जैसे वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव का समर्थन किया।

Devendra Fadnavis Oath As Maharashtra CM: भारतीय जनता पार्टी नेता देवेंद्र फडणवीस आज महाराष्ट्र के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इसके साथ ही राज्य में 20 नवंबर को हुए विधानसभा चुनावों में महायुति गठबंधन को शानदार जीत मिलने के बाद दो सप्ताह से अधिक समय से चल रहा गतिरोध समाप्त हो जाएगा। शाम 5 बजे मुंबई के आजाद मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के शीर्ष नेता शामिल होंगे। 54 वर्षीय फडणवीस का मुख्यमंत्री के रूप में यह तीसरा कार्यकाल होगा। उन्होंने पहली बार अक्टूबर 2014 से नवंबर 2019 तक शीर्ष पद पर कार्य किया और 44 वर्ष की उम्र में राज्य के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने थे।

Devendra Fadnavis

देवेंद्र फडणवीस

दूसरी बार सिर्फ पांच दिन रहे सीएम

हालांकि, उनका दूसरा कार्यकाल 23 से 28 नवंबर, 2019 तक केवल पांच दिनों तक चला, जब अविभाजित शिवसेना ने भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ दिया था। फडणवीस के अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता अजित पवार समेत दो उपमुख्यमंत्री भी आज शपथ लेंगे। सूत्रों के अनुसार, शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे, जिन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने में शुरू में अनिच्छा दिखाई थी, उपमुख्यमंत्री की भूमिका निभाने पर सहमति जताई है और उनके भी आज शपथ लेने की उम्मीद है। राज्य चुनावों में भाजपा के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बाद फडणवीस सीएम पद की रेस में सबसे आगे चल रहे थे। भाजपा ने 132 सीटें जीती हैं, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है, जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी को 57 और 41 सीटें मिली हैं।

End of Feed