स्टालिन से चेन्नई में मिले सोनिया-खरगे और राहुल, क्या परिसीमन के विरोध पर बनी बात?

चेन्नई, तमिलनाडु: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने INDIA गठबंधन के अन्य नेताओं के साथ चेन्नई में DMK अध्यक्ष एम.के. स्टालिन से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात का मकसद DMK को केंद्र के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के समर्थन वाले अपने रुख को बदलने के लिए मनाना था।

परिसीमन पर जारी खींचतान के बीच कांग्रेस विपक्षी पार्टियों को अपने पाले में लाने और परिसीमन बिल का विरोध करने के लिए राजी करने में जुटी है। इसी बाबत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने DMK प्रमुख एम.के. स्टालिन से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में सोनिया गांधी भी शामिल थीं। बैठक के दौरान सोनिया गांधी ने परिसीमन पर केंद्र के समर्थन वाला अपना रुख बदलने और विपक्षी गठबंधन के साथ आने के लिए उनसे अपील की।

स्टालिन से INDIA गठबंधन के नेताओं ने की मुलाकात।

स्टालिन से INDIA गठबंधन के नेताओं ने की मुलाकात।

एमके स्टालिन से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल थीं। बातचीत में दोनों किस नतीजे पर पहुंचे अभी इसकी जानकारी बाहर नहीं आई है। इस दौरान DMK युवा विंग के सचिव और तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन, पार्टी नेता कनिमोझी, दयानिधि मारन और कई सांसद मौजूद थे।

राहुल ने की थी ये अपील

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर चेन्नई दौरे के उद्देश्य की जानकारी दी, उन्होंने लिखा कि INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ वे स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं और उनसे व डीएमके से परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने का अनुरोध करेंगे। राहुल गांधी ने दावा किया कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा, क्योंकि इससे भाजपा और आरएसएस को देश के पूरे चुनावी नक्शे को अपने राजनीतिक फायदे के हिसाब से दोबारा तैयार करने का मौका मिल जाएगा।

तमिलनाडु के हितों का हवाला देकर अपील

अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने स्टालिन की राजनीतिक भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि वे हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए इस विधेयक को हराने में विपक्ष का साथ देने की अपील की। रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस इस मुद्दे पर असहमति दूर कर साझा रणनीति बनाने में जुटी है और रविवार को विपक्षी नेताओं की शरद पवार से भी मुलाकात प्रस्तावित है।

स्टालिन ने दिया था ये जवाब

राहुल गांधी की अपील पर एम.के. स्टालिन ने भी एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए राहुल गांधी का आभार जताया और कहा कि डीएमके ने हमेशा तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखकर फैसले लिए हैं, जिन पर कोई समझौता नहीं होगा। स्टालिन ने ऐतिहासिक प्रतीकों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि इतिहास उन्हें 'एट्टाप्पन' (गद्दारों) के रूप में नहीं, बल्कि 'कट्टाबोम्मन' (वीरों) के रूप में याद रखेगा।

End Article
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं।...

End of Feed