दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्र प्रदर्शन के दौरान शनिवार को हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए, जब भीड़ ने एसीपी (कनॉट प्लेस) विवेक भगत को कथित तौर पर घेर लिया। इस दौरान मौके पर मौजूद डीसीपी IFSO विनीत कुमार और एसीपी राजौरी गार्डन शरत चंद ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
DCP विनीत कुमार और ACP शरत चंद ने साथी अफसर की बचाई जान।
जानकारी के अनुसार, जब एसीपी विवेक भगत भीड़ के बीच फंस गए, तभी डीसीपी विनीत कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को हटाते हुए उन्हें सुरक्षित निकाला। इसी दौरान डीसीपी के ऑपरेटर हेड कॉन्स्टेबल राहुल पर भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में हेड कॉन्स्टेबल राहुल के पेट में चाकू लग गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई। फिलहाल उनका उपचार जारी है।
हथियारों के साथ प्रदर्शन में शामिल होने का आरोप
पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस घटना से आशंका और मजबूत हुई है कि प्रदर्शन की आड़ में कुछ असामाजिक तत्व हथियारों के साथ शामिल हो रहे हैं। इससे एक दिन पहले भी पुलिस ने जंतर-मंतर पर चेकिंग के दौरान दो लोगों के बैग से कथित तौर पर हथियार बरामद किए थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावर की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
