Festive Season Security: त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ को संभालने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 1300 अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। इस तरह कुल 2040 आरपीएफ जवान दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अतिरिक्त जवानों की हुई तैनाती
नई दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर खास तौर पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। इन स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही और भीड़ पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो और यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उत्तर रेलवे के मुताबिक, आरपीएफ के जवान 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तुरंत मदद भी दी जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पवन खेड़ा ने सरकार पर कसा तंज, बोले- चुनाव से होगा रिजीम चेंज
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें। स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध सामान या गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत वहां मौजूद आरपीएफ जवानों को इसकी जानकारी दें। त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर रेलवे ने यह विशेष व्यवस्था की है।
त्योहारों पर रेलवे का बड़ा तोहफा
इस बीच, त्योहारों के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के संचालन से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और जम्मू-कश्मीर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इन ट्रेनों में सफर के लिए पहले से टिकट आरक्षित कराने की जरूरत नहीं होगी। सभी ट्रेनें अनारक्षित श्रेणी में चलेंगी और निर्धारित तारीखों पर कुल 14 फेरे लगाएंगी।
