Delhi Police: दिल्ली पुलिस के दो इनकाउंटर सेप्शलिस्ट को पुलिस वीरता पुरस्कार मिला है। चाहे सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड हो, सलमान खान के घर फायरिंग केस, मोहाली RPG अटैक, फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर गोलीबारी, खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल की तलाश, सिंगर बादशाह के कैफे पर फायरिंग, या फिर संसद भवन केस...इन हाई-प्रोफाइल मामलों में आरोपियों तक पहुंचने वाली जिस जोड़ी ने पुलिसिंग की नई मिसाल कायम की, उसी जय-वीरू की जोड़ी को इस बार गणतंत्र दिवस 2025 पर पुलिस वीरता पुरस्कार से नवाजा गया है।
दिल्ली पुलिस की जय-वीरू की जोड़ी को मिला गणतंत्र दिवस पर बड़ा सम्मान
केंद्रीय गृह मंत्री ने किया सम्मानित
दिल्ली पुलिस की एंटी टेरर यूनिट – स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट में तैनात दो युवा एनकाउंटर स्पेशलिस्ट इंस्पेक्टर निशांत दहिया, इंस्पेक्टर मंजीत जागलान इन दोनों जांबाज अफसरों को उनकी असाधारण बहादुरी और गैंगस्टरों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के लिए पुलिस वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
हरियाणवी छोरे, गैंगस्टरों का काल
हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले दोनों अफसर 2014 बैच के हैं और अपनी काबिलियत के दम पर आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन लेकर इंस्पेक्टर बने। इसके बाद इन्होंने नॉर्थ इंडिया के कुख्यात गैंगस्टर नेटवर्क की कमर तोड़ दी।
इनकी अगुवाई में लॉरेंस बिश्नोई,गोल्डी बराड़,कौशल चौधरी,जग्गू भगवानपुरिया,काला जठेड़ी, आतंकी अर्श डाला गैंग से जुड़े कई बड़े गैंगस्टर और दर्जनों गुर्गे गिरफ्तार किए गए। कई बदमाश एनकाउंटर में ढेर, तो कई हाफ-एनकाउंटर के बाद सलाखों के पीछे पहुंचाए गए।
अमृतपाल से RPG अटैक तक—हर केस में अहम रोल
जब खालिस्तानी समर्थक और मौजूदा निर्दलीय सांसद अमृतपाल पुलिस और जांच एजेंसियों को चकमा देकर फरार था, तब इंस्पेक्टर निशांत-मंजीत की जोड़ी ने सेंट्रल एजेंसियों के साथ मिलकर उसका पुख्ता क्लू दिया, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी संभव हो सकी।
इसके अलावा मूसेवाला हत्याकांड के शूटरों की पहचान, मोहाली RPG अटैक के आरोपियों की गिरफ्तारी, अतीक अहमद के भाई से जुड़े केस में यूपी पुलिस को अहम लीड,दिशा पाटनी के घर फायरिंग के शूटरों का फुल एनकाउंटर, सलमान खान के घर फायरिंग करने वालों तक पहुंच, हिमाशु भाऊ गैग के अजय गोली का फुल एनकाउंटर, तीन लाख के इनामी बदमाश रोमील बोहरा का फुल एनकाउंटर, कुख्यात गैंगस्टर गोगी की गिरफ्तार, लॉरेंस के करीबी राशिद केबलवाला को दबोचना, इन तमाम मामलों में यही जोड़ी फ्रंटलाइन पर रही।
2025 में बहादुरी का सम्मान
गैंगस्टरों और आतंकियों के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाइयों, जोखिम भरे ऑपरेशनों और बेखौफ पुलिसिंग के लिए इंस्पेक्टर निशांत दहिया और इंस्पेक्टर मंजीत जागलान को साल 2025 का पुलिस वीरता पुरस्कार दिया गया है।
