Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से जुड़े करीब 13 साल पुराने एक मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई ने सियासी हलचल तेज कर दी है। सोमवार दोपहर दिल्ली पुलिस के दो अधिकारी कोलकाता के कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास पहुंचे। बताया जा रहा है कि पुलिस अधिकारी अप्रैल 2013 में दिल्ली के बंगा भवन के बाहर हुए विरोध-प्रदर्शन और घेराव से जुड़े मामले में नोटिस देने आए थे। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में ममता बनर्जी को गवाह के तौर पर जांच अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
ममता बनर्जी (फोटो साभार- PTI)
दिल्ली पुलिस के दो कर्मी पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री के आवास
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर दिल्ली पुलिस के दो कर्मी कालीघाट थाने के अधिकारियों के साथ 30B, हरीश चटर्जी स्ट्रीट स्थित ममता बनर्जी के आवास पहुंचे। पुलिसकर्मियों के पास एक सीलबंद लिफाफे में नोटिस था, जिसे तृणमूल कांग्रेस की ओर से सुभाशीष चक्रवर्ती ने स्वीकार किया। तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों का दावा है कि यह नोटिस भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 160 के तहत जारी किया गया है। इसमें ममता बनर्जी को गवाह के तौर पर जांच अधिकारियों से मिलने के लिए दिल्ली बुलाए जाने की बात कही गई है।
क्या है 2013 का बंगा भवन विवाद?
यह मामला 9 अप्रैल 2013 का है, जब दिल्ली में वामपंथी छात्र और युवा संगठनों ने बंग भवन के बाहर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया था। उस दौरान प्रदर्शनकारियों और तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई थी। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान ममता बनर्जी और तत्कालीन वित्त मंत्री अमित मित्रा को प्रदर्शनकारियों के विरोध का सामना करना पड़ा था। घटना के बाद दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। अब करीब 13 साल बाद उसी मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से नोटिस दिए जाने की खबर सामने आई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- कल आ रही है सोनिया की बुक ‘Belonging: A Journey of Love’
13 साल बाद फिर खुला बंगा भवन केस
दिल्ली पुलिस के कालीघाट पहुंचने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस की ओर से नोटिस को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। पार्टी सूत्रों ने जहां ममता बनर्जी को गवाह के तौर पर बुलाए जाने की बात कही है, वहीं तृणमूल कांग्रेस की सांसद डोला सेन ने इस संबंध में जानकारी होने से इनकार किया है। उन्होंने कहा, "हमें ऐसे किसी नोटिस के बारे में कोई जानकारी नहीं है।" फिलहाल, 2013 के पुराने मामले में दिल्ली पुलिस के नोटिस को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। यह भी साफ नहीं है कि ममता बनर्जी जांच अधिकारियों के सामने कब और किस तरह अपना बयान दर्ज कराएंगी।
