Delhi NCR Heatwave: देश में गर्मी से बुरा हाल है। दोपहर में घर से या दफ्तर से बाहर निकलना जोखिम से भरा होता है। सिर पर तेज धूप आखें खोलने नहीं देती, आखिर आने वाले दिनों में क्या मौसम सुधरेगा और कुछ गर्मी कम होगी? इसका जवाब है- नहीं। भारतीय मौसम विभाग ने इससे जुड़ी जानकारी शेयर की है। IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा, 'पूरा उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत लगातार लू की चपेट में है, जिसकी शुरुआत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से हुई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी लू की स्थिति बनी हुई है...'
47°C के करीब पहुंचेगा पारा! 7 दिन लू से राहत नहीं, दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में IMD का हीटवेव अलर्ट
बताया गया कि आने वाले दिनों में भी लगभग यही स्थिति रहने वाली है। उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत में अगले लगभग 7 दिनों तक लू चलने की संभावना है। हिमालयी क्षेत्रों में ये परिस्थितियां आज और कल तक रह सकती हैं, लेकिन मैदानी इलाकों में इसके जारी रहने की उम्मीद है।
इन इलाकों में अगले तीन दिन भारी
वैज्ञानिक ने कहा, 'हमने अगले तीन दिनों के लिए उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है... हमारा अनुमान है कि तापमान 47 डिग्री से ऊपर रह सकता है... कुल मिलाकर पंजाब, हरियाणा, यूपी और एमपी में ऑरेंज अलर्ट जारी है।' कहा, 'हम दिल्ली-एनसीआर में भी तापमान अधिक रहने की उम्मीद कर रहे हैं। यहां गंभीर लू की स्थिति बन सकती है। दिल्ली-एनसीआर का तापमान भी 47 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली-एनसीआर के लिए अगले सात दिनों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।'
दिल्ली में आज सुबह थी तेज गर्मी; लू के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी
दिल्ली में बुधवार की सुबह गर्म मौसम रहा, न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर के कुछ इलाकों में दिन भर भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने लू की स्थिति के लिए ’ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, ’ऑरेंज’ अलर्ट का मतलब है ’तैयार रहें’। शहर में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, साथ ही कुछ इलाकों में दिन के दौरान भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। मौसम केंद्रों में सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 1.8 डिग्री अधिक है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
