Shubham Pandit Gang Arrested: दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में रंगदारी और डकैती का पर्याय बन चुके कुख्यात 'शुभम पंडित गैंग' के खिलाफ दिल्ली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कापसहेड़ा थाना पुलिस की टीम ने गिरोह के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली तीन अवैध पिस्टल, कई जिंदा कारतूस और लूटे गए 11 लाख रुपये कैश बरामद किए हैं। इस बड़े एक्शन का खुलासा आज साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के एडिशनल डीसीपी अभिमन्यु पोसवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए किया। उन्होंने बताया कि इस गैंग ने हाल ही में कापसहेड़ा इलाके में दो बड़े ज्वेलर्स को टारगेट कर सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था।
कापसहेड़ा पुलिस का बड़ा क्रैकडाउन; दिल्ली-यूपी और हरियाणा को दहलाने वाला 'शुभम पंडित गैंग' बेनकाब, 4 शातिर बदमाश दबोचे (NB Content)
CCTV और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से तीन राज्यों में रेड
कापसहेड़ा इलाके में हुई लूट की वारदात के बाद से ही बदमाशों को पकड़ने के लिए एसीपी वसंत कुंज वेद प्रकाश की देखरेख में कापसहेड़ा एसएचओ विक्रम दहिया की एक विशेष टीम गठित की गई थी। वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग राज्यों में फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस-पास के दर्जनों सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले और टेक्निकल सर्विलांस की मदद ली। इसके बाद दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई, जिसके बाद टीम एक-एक करके गैंग के चारों आरोपियों को दबोचने में कामयाब रही।
मास्टरमाइंड पर 17 मामले दर्ज, फरीदाबाद में मांगी थी 5 करोड़ की रंगदारी
एडिशनल डीसीपी (साउथ-वेस्ट) अभिमन्यु पोसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस गैंग का नेटवर्क बेहद खतरनाक है। गैंग का मास्टरमाइंड शुभम पंडित एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही हत्या, लूट और रंगदारी के 17 संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस की टीम ने मास्टरमाइंड शुभम को हरियाणा के पलवल से दबोचा और फिर उसकी निशानदेही पर वारदात के लिए रेकी करने वाले उसके मुख्य साथी गुलजार को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्त में आए इसके एक और साथी पर भी पहले से 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह वही आरोपी है जिसने कापसहेड़ा में लूट की वारदात के दौरान पुलिस और जनता पर फायरिंग करने की कोशिश की थी, लेकिन वह इसमें नाकाम रहा था।
यूपी में 50 लाख की लूट और कई बड़ी वारदातों में थे शामिल
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गैंग दिल्ली के अलावा पड़ोसी राज्यों में भी बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है। यह गिरोह हरियाणा के फरीदाबाद में एक कारोबारी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी (एक्सटॉर्शन) मांगने और उत्तर प्रदेश में 50 लाख रुपये की बड़ी लूट की वारदात में सीधे तौर पर शामिल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे इस गैंग के अन्य साथियों और भविष्य की साजिशों का पूरी तरह पर्दाफाश किया जा सके।
(दिल्ली से शाहनवाज की रिपोर्ट)
