दिल्ली में एक बार फिर गैंगस्टर नेटवर्क के जरिए सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की कथित साजिश का खुलासा हुआ है। हजरत निजामुद्दीन इलाके में एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर को निशाना बनाने की तैयारी थी। पुलिस का दावा है कि राशिद केबलवाला गैंग से कथित तौर पर जुड़े बदमाशों को इस काम की जिम्मेदारी दी गई थी। साजिश की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपियों के पास से पांच सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
मूसेवाला की तरह ही दिल्ली में इंस्टा इन्फ्लुएंसर की हत्या की थी तैयारी!
इस मामले में एक बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या इन्फ्लुएंसर को निशाना बनाने के लिए सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड जैसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी थी? मूसेवाला की हत्या में भी हमलावरों ने हथियारों के साथ घात लगाकर हमला किया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में इस साजिश और मूसेवाला हत्याकांड के बीच सीधे तौर पर समानता की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर की सुबह करीब 5:10 बजे हजरत निजामुद्दीन की शोले वाली गली में संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो युवकों को रोका गया। तलाशी में चार पिस्टल और आठ कारतूस मिले। आगे की कार्रवाई में एक और पिस्टल बरामद हुई। दोनों आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी साहिल इदरीशी (20) और साद मलिक (22) के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि राशिद केबलवाला एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए उनसे संपर्क में था और इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग के निर्देश दिए गए थे। मोबाइल फोन से धमकी भरे वीडियो भी मिले हैं। पुलिस अब गैंग के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
