PM Narendra Modi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आचार संहिता उल्लंघन की तलवार लटक रही है। उनके खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की गई है, जिस पर आज सुनवाई होनी है। याचिका में मांग की गई कि पीएम मोदी को अयोग्य घोषित करते हुए 6 साल के लिए चुनाव लड़ने पर बैन लगाया जाए। याचिका में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने पीलीभीत में एक चुनावी भाषण में हिंदू देवी-देवताओं, पूजा स्थलों के साथ सिख धर्म के देवताओं के नाम पर भी पार्टी के लिए वोट मांगे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
दिल्ली हाईकोर्ट के वकील आनंद एस जोंधले की ओर से दायर की गई याचिका में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है। इसलिए जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत उन्हें चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित करने के लिए चुनाव आयोग को निर्देश दिया जाए। इस याचिका में प्रधानमंत्री की 9 अप्रैल को पीलीभीत में हुई रैली का हवाला भी दिया गया है।
पीएम मोदी की टिप्पणियां समाज में नफरत पैदा करती हैं
याचिकाकर्ता ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने पीलीभीत में हुई एक रैली में कहा था कि उन्होंने राम मंदिर का निर्माण करवाया। करतापुर साहिब कॉरिडोर का भी विकास करवाया। गुरुद्वारों में परोसे जाने वाले लंगर में इस्तेमाल होने वाले सामान से GST हटाया, साथ ही अफगानिस्तान से गुरु ग्रंथ साहिब की प्रतियां भी वापस मंगवाई। इसलिए उन्हें वोट दिया जाना चाहिए। याचिकाकर्ता ने कहा कि उनकी टिप्पणियां दो जातियां या समुदायों के बीच तनाव पैदा कर सकती हैं। वकील आनंद एस जोंधले ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणियों को लेकर चुनाव आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई थी, हालांकि कोई एक्शन नहीं लिया गया।
पीएम मोदी ने पीलीभीत में क्या कहा था?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 अप्रैल को पीलीभीत में हुई रैली में कहा था कि 500 साल के इंतजार के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना। इन इंडी गठबंधन वालों को राम मंदिर के निर्माण से पहले भी नफरत थी और आज भी नफरत है। इन्होंने लाख कोशिश की जिससे मंदिर ना बने। मंदिरवालों ने उनके सारे गुनाह माफ कर के उन्हें प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में निमंत्रित किया, लेकिन उन्होंने प्राण-प्रतिष्ठा के निमंत्रण को ठुकरा दिया। समाजवादी पार्टी आज जिस कांग्रेस के साथ खड़ी है, उस कांग्रेस ने 1984 में हमारे सिख भाई-बहनों के साथ क्या किया था? वो कोई भूल नहीं सकता। ये भाजपा है, जो सिखों के साथ पूरी शक्ति से खड़ी है। हमें गर्व होता है जब लाखों श्रद्धालु, जिनके मन में दशकों से दर्द था, पीड़ा थी, वे करतारपुर साहिब कॉरिडोर से करतारपुर साहब जाकर मत्था टेकते हैं। भाजपा ने लंगर की वस्तुओं पर से जीएसटी हटाया। हमने श्री हरमिंदर साहब के लिए एफसीआरए रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया, जिससे विदेश के लोगों को भी सेवा करने का अवसर मिले। हमने वीर बाल दिवस मनाकर साहिबजादों के शौर्य को सम्मान दिया।
