लंदन से दिल्ली आ रही इंडिगो की उड़ान 6E4 में बुधवार तड़के तकनीकी खराबी का मामला सामने आया है। जिसके बाद विमान को वापस लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट लौटना पड़ा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 ने इस बारे में जानकारी दी। उसने बताया कि बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर करीब एक घंटे तक हवा में रहा जिसके बाद उसे वापस लौटना पड़ा।
बीच हवा में विमान में आई तकनीकी खराबी। (Representative Image)
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, विमान ने बुधवार को भारतीय समयानुसार करीब 12:40 बजे लंदन से उड़ान भरी थी। करीब एक घंटे बाद यह वापस हीथ्रो की ओर मुड़ गया और लगभग 2 बजे विमान ने लैंडिग की।
बताया गया है कि विमान में तकनीकी समस्या सामने आई थी। हालांकि, खराबी किस सिस्टम में थी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। कुछ एविएशन रिपोर्ट्स में विमान द्वारा सामान्य आपात स्थिति के लिए 7700 ट्रांसपोंडर कोड इस्तेमाल किए जाने की जानकारी दी गई है, लेकिन घटना की सटीक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, जब यह वाकया हुआ उस वक्त विमान में कितने यात्री सवार थे,इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है। साथ ही इंडिगो की ओर से भी अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फ्लाइट 6E4 का संचालन बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर से किया जा रहा था। फ्लाइट ट्रैकिंग रिकॉर्ड में 22 सितंबर की इस उड़ान को लंदन से दिल्ली के लिए रवाना होने के बाद डायवर्टेड दर्ज किया गया है।
