Delhi Airport Incident: एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली एयरपोर्ट पर अपने एक ऑफ ड्यूटी पायलट द्वारा एक यात्री पर हमला करने की घटना की जांच के लिए एक बाहरी समिति का गठन करेगी। सूत्रों ने इसकी जानकारी दी।
यात्री से मारपीट करने वाले पायलट पर एक्शन (फोटो साभार: iStock)
पायलट निलंबित
टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन ने शुक्रवार को हुई इस घटना के तत्काल बाद आरोपी पायलट को निलंबित कर दिया। सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि आरोपी पायलट को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कार्यवाही श्रम कानूनों के तहत की जा रही है, क्योंकि एक पायलट श्रमिक श्रेणी के अंतर्गत आता है। सूत्रों ने कहा कि घटना की जांच के लिए अगले सप्ताह एक बाहरी जांच समिति का गठन किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
यात्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अपने साथ हुई घटना को साझा किया था, जिसमें झगड़े के बाद उसके चेहरे पर खून दिख रहा था। उसने पायलट की भी एक तस्वीर साझा की। यह घटना शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 (T1) पर हुई। यात्री अंकित दीवान ने बताया था कि एयर इंडिया एक्सप्रेस के कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल ने कथिततौर पर दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर उनके साथ मारपीट की। दीवान ने कहा था कि उनकी सात वर्षीय बेटी ने मारपीट की घटना देखी और वह अभी भी सदमे में है और डरी हुई है।
