दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चीन के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा है कि सरकार को थोड़ा सा दम दिखाना चाहिए। कम से कम चीन के सामने खुद को गिरवी तो मत रखो। उसके सामने सिर तो न झुकाओ। इन्होंने (केंद्र) फर्जी केस लगाकर लोगों को दुखी कर दिया है। किसी के पीछे ईडी छोड़ देंगे तो किसी के पीछे सीबीआई...जितने चोर-उचक्के हैं, उन्हें नहीं पकड़ेंगे। ये उन्हें अपनी पार्टी में शामिल कर लेंगे। संरक्षण देंगे। वो बेचारा ऐसे में हाथ जोड़कर देश छोड़कर चला जाता है। इधर चीन से हाथ मिलाते हैं, पर जो देश में व्यापार कर सकते हैं उनके पीछे एजेंसियां छोड़ देते हैं। इंडियंस को भगा रहे हो और चीन वालों को गले लगा रहे हो। बुलाकर उन्हें झूला झुलाते हो...अरे, थोड़ी शर्म कर लो।
बीजेपी चीफ जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल। (फाइल)
रविवार (18 दिसंबर, 2022) को आप की 11वीं राष्ट्रीय परषिद बैठक में दिल्ली सीएम ने कहा- हमारी बीजेपी की केंद्र सरकार को पता नहीं क्या हो गया है...उनको (चीन) को सजा और जवाब देने के बजाय...वो आंख दिखाते हैं तो उनके साथ हम और सामान खरीद रहे हैं। 2020-21 में हमने 65 बिलियन डॉलर (मोटा-मोटी सवा पांच लाख करोड़ रुपए) का चीन का माल खरीदा। चीन ने और आंख दिखाई। अगले साल भारत ने और सामान खरीदा...अरे, आपको को उनको सजा देनी चाहिए थी। कहना चाहिए था कि तमीज से रहो, वरना हम तुमसे सामान खरीदना बंद कर देंगे।
बकौल केजरीवाल, "क्या मजबूरी है केंद्र सरकार की? एक तरफ हमारे सैनिक सरहद पर जान दे रहे हैं और दूसरी ओर ये चीन को ईनाम पर ईनाम दिए जा रहे हैं। सामान खरीदते जा रहे हैं। हमारे सैनिकों की जान की कोई कीमत नहीं है क्या? और माल क्या खरीदते हैं...चप्पलें, कपड़े और खिलौने इम्पोर्ट हो रहे हैं...ये हम नहीं बना सकते क्या? ये सब तो यहां भी बन सकता है।"
वह आगे बोले- कुछ तो मजबूरी है इनके आगे...कहते हैं कि चीन का माल सस्ता आता है। अरे, नहीं चाहिए सस्ता माल...चाहे कितने में भी बने। हमारे भारतीय कट्टर देशभक्त हैं। हमारे लिए अपने सैनिकों की जान की कीमत है। हमें नहीं चाहिए चीन का सस्ता माल। अगर अपने देश का माल डबल कीमत पर भी मिलेगा तो हम उसे खरीद लेंगे। लेकिन चाइना से खरीदना बंद कर दो। आज मैं इस मंच से अपील करता हूं कि चीन के माल का बहिष्कार करो।
देखें, अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन के दौरान और क्या कहा?:
Addressing the National Council Meeting of Aam Aadmi Party | LIVE t.co/hEvA8yYIe6
— ANI (@ANI) Dec 18, 2022
उन्होंने आगे कहा- भारत सरकार से मेरी अपील है कि थोड़ा सा दम दिखाएं। सैनिकों की थोड़ी सी इज्जत करना सीखिए। इस तरह से खुद को गिरवी मत रखो और अपने सामने चीन को मत झुकाओ...ये पार्टी जिस तरीके से सिर झुका रही है। एक-एक आदमी चीन का सामान का बायकॉट करें...यह सारा इकनॉमी और व्यापार का खेल है। जिस दिन हमने चीन को आंख दिखाना चालू कर दी और ये 95 बिलियन डॉलर्स का जो इम्पोर्ट करना बंद कर दिया तब चीन को अपनी औकात पता चल जाएगी।
