MP Congress Politics: मध्यप्रदेश कांग्रेस के अंदर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की कार्यप्रणाली से नाराज नजर आ रहे हैं। ताजा मामला वरिष्ठ विधायक और कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के सदस्य कमलेश्वर पटेल का है। कमलेश्वर पटेल ने मीडिया के सामने प्रदेश कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कमलेश्वर पटेल का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी पक्षपातपूर्ण काम कर रहे हैं। दोनों लोगों का काम सबको साथ लेकर चलने का है लेकिन ऐसा हो नहीं रहा। उन्हें इस तरह से संगठन को नहीं चलाना चाहिए।
भोपाल में मीडिया के सामने बयान जारी करते हुए कमेश्वर पटेल ने कहा, 'गुटबाजी और प्रतिस्पर्धा अपनी जगह है लेकिन गुटबाजी इतनी ज्यादा भी नहीं होनी चाहिए। प्रदेश हाईकमान की जिम्मेदारी है कि समन्वय बनाकर चले ना कि खुद पार्टी बन जाएं। मेरा प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी से निवेदन है कि माननीय खरगे जी ने आपको बड़ी जिम्मेदारी दी है, प्रदेश का मुखिया बनाया है। तो सबको साथ एक लेकर चलिए।'
मुखिया ऐसो चाहिए...
'मुखिया ऐसो चाहिए, खान पान को एक, पालै पोसै सकल अंग तुलसी सहित विवेक', इस तरह का मुखिया होना चाहिए। जीतू पटवारी अगर इस तरह की भावना के साथ काम करना शुरु कर देंगे तो हम समझते हैं कि जो थोड़ी बहुत प्रतिस्पर्धा को लेकर नाराजगी है, वो दूर भी की जा सकती है।
क्यों नाराज हैं पटेल?
दरअसल कांग्रेस के अंदरखाने से जानकारी मिल रही है कि कमलेश्वर पटेल विंध्य क्षेत्र में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में अपने लोगों के प्रतिनिधित्व नहीं होने को लेकर नाराज चल रहे हैं। खुद के क्षेत्र के जिलाध्यक्ष से भी पटेल संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में सुनवाई नहीं होने से कमलेश्वर पटेल नाराज हैं। इसे लेकर वो हाईकमान से भी गुहार लगा चुके हैं। कमलेश्वर पटेल के करीबी बताते हैं कि पटेल जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की कार्यप्रणाली से बेहद नाराज हैं और उन्होंने कांग्रेस हाईकमान से इस मामले में शिकायत भी की है। बता दें कि कमलेश्वर पटेल AICC की वर्किंग कमेटी के मेंबर हैं और राहुल गांधी के करीबी भी माने जाते हैं।
BJP ने ली चुटकी
इस मामले में बीजेपी ने चुटकी ली है। बीजेपी प्रवक्ता अजय सिंह यादव का कहना है कांग्रेस में गुटबाजी चरम पर है। प्रदेश कांग्रेस में कुछ ठीक नहीं चल रहा है। राहुल गांधी की कांग्रेस को जीतू पटवारी बर्बाद करने में लगे हैं। अजय सिंह का कहना है कि कांग्रेस अंधरूनी कलह से जूझ रही है, खुद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अगर अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी पर सवाल खड़े कर रहे हैं तो समझा जा सकता है कि मामला कितना गंभीर होगा।
