Rahul Gandhi in Assam: कांग्रेस की भारत न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन का दौर जारी रहा। असम के नगांव जिले में रविवार शाम राहुल गांधी को सड़क किनारे एक रेस्तरां में लोगों की भीड़ ने घेर लिया। यह घटना तब हुई जब राहुल गांधी और कुछ अन्य नेता घटनास्थल से लगभग 10 किमी दूर रुपोही में अपने रात्रि प्रवास के लिए रास्ते में अंबागन के रेस्तरां में रुके थे। भीड़ ने सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और समागुरी से कांग्रेस विधायक रकीबुल हुसैन का जिक्र करते हुए ‘अन्याय यात्रा’ और ‘रकीबुल वापस जाओ’ जैसे नारे वाली तख्तियां दिखाईं।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा
सुरक्षाकर्मियों ने राहुल को रेस्तरां से बाहर निकाला
सुरक्षाकर्मियों ने राहुल गांधी और अन्य नेताओं को रेस्तरां से बाहर निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रैली से लौट रहे पार्टी कार्यकर्ताओं के वाहनों पर हमले की एक और घटना हुई। उन्होंने बताया कि छात्र इकाई के तीन सदस्यों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सोनितपुर में भी हमले की घटनाएं
इससे पहले सोनितपुर जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में कथित तौर पर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख भूपेन कुमार बोरा पर हमला किया गया और वरिष्ठ नेता जयराम रमेश की कार पर भी हमला हुआ। राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा दिन के समय मध्य असम जिले में पहुंची। नेताओं ने दोपहर में कलियाबोर में एक जनसभा को संबोधित किया, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मौजूद रहे।
राहुल के सामने लगे मोदी-मोदी के नारे
राहुल गांधी ने एक्स पर एक वीडियो साझा किया है। हमले के बाद राहुल गांधी के सामने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं मोदी-मोदी के नारे लगाए, जिसके बाद राहुल गांधी बस से नीचे उतरते हैं और उनकी तरफ बढ़ते हैं। बाद में इसी वीडियो में राहुल गांधी को मोदी के नारे लगा रहे कार्यकर्ताओं की तरफ फ्लाइंग किस करते हुए दिखाया गया। राहुल गांधी ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा सबके लिए खुली है मोहब्बत की दुकान। जुड़ेगा भारत, जीतेगा हिंदुस्तान।
