Atul Kumar Anjan Passed Away: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता व नेशनल सेक्रेटरी अतुल कुमार अंजान का निधन हो गया। शुक्रवार सुबह लखनऊ के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। अतुल अंजाम बीते कई दिनों से बीमार चल रहे थे और लखनऊ के मेयो अस्पताल में भर्ती थे। जानकारी के मुताबिक, अतुल कुमार अंजान लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे।
सीपीआई नेता अतुल कुमार अंजान का निधन
अतुल कुमार अंजान को वामपंथी राजनीति का बड़ा चेहरा माना जाता था। उनहोंने लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत सिंह ने अतुल कुमार अंजान को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा है कि अतुल कुमार अंजान जी के निधन से मैं स्तब्ध हूं। वो एक बहादुर और समर्पित लोक सेवक थे, उन्हें अपनी भाव भीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
चार बार जीता लखनऊ छात्रसंघ चुनाव
अतुल कुमार अंजान छात्र राजनीति में भी काफी सक्रिय रहे। 20 साल की उम्र में उन्होंने नेशनल कॉलेज स्टूडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष का चुनाव जीता। इसके बाद वे चार बार लखनऊ विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष भी रहे। अपने राजनीतिक करियर में अतुल अंजान ने पुलिस-पीएसी विद्रोह में नौ महीने तक जेल भी काटी थी। अतुल अंजान को आधा दर्जन से अधिक भाषाओं की जानकारी थी।
