Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस ने आज राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को लेकर पूरा खाका सामने रखा। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे, मीडिया प्रमुख जयराम रमेश और महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आज 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के लिए सिंबल और लोगो जारी किया। इस मौके पर मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि किन मुद्दों पर ये यात्रा निकाली जा रही है। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि सरकार ने संसद में हमारी बात नहीं सुनी, इसलिए हमें 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' निकालनी पड़ रही है।
क्या-क्या कहा खरगे ने
- खरगे ने संवाददाताओं से कहा कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' देश के बुनियादी सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक मुद्दों पर केंद्रित होगी।
- मणिपुर में दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हुईं, प्रधानमंत्री हर जगह बोलते हैं, फोटो खिंचवाते हैं लेकिन उस राज्य का दौरा नहीं करते।
- सरकार ने हमें संसद में अपने मुद्दे उठाने का मौका नहीं दिया, इसलिए 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' निकाल रहे हैं।
- नए श्रम कानून, आपराधिक कानूनों को लेकर कहा कि ये तानाशाही के संकेत हैं।
- हमने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में शामिल लेने के लिए विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के नेताओं, नागरिक समाज संगठन के सदस्यों को आमंत्रित किया है।
- भाजपा विपक्षी नेताओं को डराने-धमकाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय, आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का खुलेआम दुरुपयोग कर रही है।
- राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए निमंत्रण मिला, जल्द ही इस पर लेंगे निर्णय।
खरगे बोले, सरकार ने संसद में नहीं दिया मौका
खरगे ने कहा कि हम लोगों के बीच जाकर उन्हें बताएंगे कि इसके अलावा कोई रास्ता नहीं है। हमने संसद में बोलने और मुद्दे उठाने की कोशिश की। लेकिन सरकार ने हमें कोई मौका नहीं दिया। 146 सांसदों को निलंबित कर दिया गया। इस देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है। खरगे ने कहा कि पीएम मोदी कम से कम लोकसभा में आए लेकिन उन्होंने एक बार भी राज्यसभा की ओर झांककर भी नहीं देखा।
