Cockroach Janta Party Protest: शनिवार को देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर पर कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। परीक्षाओं में अनियमितताओं और कथित धांधली को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ अपना मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने केंद्र सरकार को शिक्षा मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सात दिनों का समय दिया है, साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि वे तुरंत हस्तक्षेप कर धर्मेंद्र प्रधान को उनके पद से बर्खास्त करें।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी 'कॉकरोच जनता पार्टी' (फोटो: X/@Cockroachisback)
यह तीखी प्रतिक्रिया तब आई जब संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) द्वारा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के लिए दी गई 'शाम 5 बजे की समयसीमा' (डेडलाइन) बिना किसी सरकारी प्रतिक्रिया के समाप्त हो गई। इसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, "यह तो सिर्फ एक ट्रेलर था। देश का युवा अब शांत नहीं बैठने वाला है और हम भारत की शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से रीसेट (सुधार) करके रहेंगे।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिल्ली से सिलीगुड़ी का सफर सिर्फ 6 घंटे में, जानिए यूपी और बिहार के किन शहरों से होकर गुजरेगी बुलेट ट्रेन
आशुतोष ने आगे कहा कि अगर शिक्षा मंत्री के मन में युवाओं के प्रति थोड़ी भी जिम्मेदारी बची है, तो उन्हें तुरंत अपने पद से हट जाना चाहिए। रांका ने चेतावनी दी कि यदि सरकार सात दिनों के भीतर कोई ठोस कदम नहीं उठाती, तो यह आंदोलन पूरे देश में फैला दिया जाएगा।
प्रदर्शन में हजारों की संख्या में युवा और समर्थकों ने लिया हिस्सा
जंतर-मंतर पर हुए इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में युवा और समर्थक शामिल हुए। सोशल मीडिया पर अक्सर सक्रिय रहने वाले इस संगठन के जमीन पर इतने बड़े प्रदर्शन को देखकर इसके आलोचक भी हैरान हैं। इस पर तंज कसते हुए संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर प्रदर्शन का एक वीडियो साझा किया और लिखा, "वे कहते थे कि कॉकचोर कभी सड़क पर नहीं उतरेंगे।"
एक सप्ताह बाद फिर से होगा आंदोलन-दीपके
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए दीपके ने सरकार पर जनता की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे पिछले एक महीने से सोशल मीडिया पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार कार्रवाई करने के बजाय उनके अकाउंट्स हैक कराने और पोस्ट डिलीट करवाने में व्यस्त है। दीपके ने साफ किया कि सरकार भले ही उनकी पोस्ट मिटा दे, लेकिन युवाओं के इस आंदोलन को नहीं दबा सकती। संगठन ने ऐलान किया है कि अगले एक हफ्ते तक देश के अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन किए जाएंगे और अगले शनिवार को फिर से जंतर-मंतर पर एक बड़ा देशव्यापी आंदोलन होगा।
