CNG Price: कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में आज से इजाफा हो गया है। सीएनसी की रेट लगभग चार रुपये बढ़ा दी गई है। दिल्ली में आज, 29 अगस्त को सुबह 6 बजे से CNG की कीमतों में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। इस ताजा बढ़ोतरी से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आम यात्रियों तथा कमर्शियल वाहन चालकों के परिचालन खर्च (रनिंग कॉस्ट) में वृद्धि होने की संभावना है।
सीएनजी हुई महंगी
ये भी पढ़ें- नाश्ते की प्लेट पर महंगाई का हमला! 1 साल में 40% तक बढ़ी अंडे की कीमत, क्यों हुआ महंगा?
दिल्ली में सीएनजी की नई कीमत
CNG की खुदरा कीमत ₹83.09 प्रति किलोग्राम से बढ़कर ₹86.98 प्रति किलोग्राम हो जाएगी। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने शुक्रवार को दिल्ली में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की खुदरा कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की घोषणा की। जिसके बाद आज से नए रेट पर सीएनजी गैस स्टेशनों पर उपलब्ध होगी।
CNG क्यों हुई महंगी?
आईजीएल (IGL) ने कहा कि आयातित प्राकृतिक गैस की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के कारण यह मूल्य वृद्धि आवश्यक हो गई थी। एक बयान में कंपनी ने कहा कि आयातित स्पॉट गैस की आसमान छूती कीमतों के बावजूद, आईजीएल जैसी संस्थाएं भारत में सीएनजी की खपत में निरंतर वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए वैकल्पिक ईंधनों की तुलना में सीएनजी की प्रतिस्पर्धी दरों को बनाए हुए हैं। भारत में सीएनजी के लिए इनपुट के रूप में उपयोग की जाने वाली गैस का एक बड़ा हिस्सा आयातित एलएनजी (LNG) के माध्यम से प्राप्त किया जाता है। आईजीएल के अनुसार, पश्चिम एशिया संघर्ष की शुरुआत से अंतरराष्ट्रीय स्पॉट एलएनजी की कीमतों में तेज उछाल आया है।
आईजीएल (IGL) ने कहा कि वह ऑटो-रिक्शा, टैक्सियों, निजी वाहनों और सार्वजनिक परिवहन बेड़ों के लिए सीएनजी को एक किफायती, स्वच्छ और विश्वसनीय ईंधन बनाए रखने हेतु सोर्सिंग लागत (खरीद लागत) को अनुकूलित करने पर ध्यान केंद्रित करना जारी रखेगा।
