CM योगी बोले- 6 महीने में अयोध्या की सड़कें होंगी कर्तव्य पथ जैसी, 32 हजार करोड़ से संवर रही रामनगरी

  • Authored by: कुलदीप राघव
  • Updated Jun 15, 2023, 01:20 PM IST

CM Yogi Adityanath in Ayodhya: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने अयोध्या में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और कहा कि देश में अयोध्या को छोड़ कोई ऐसा शहर नहीं, जहां एक साथ 32 हजार करोड़ की परियोजनाएं चल रहीं। सीएम ने कहा कि अगले चार-छह महीने में अयोध्या की सड़कें दिल्ली की राजपथ सी लगेंगी।

CM Yogi Adityanath in Ayodhya: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज अयोध्या में 32 हजार करोड़ की परियोजनाओं के कार्य हो रहे हैं। इतनी परियोजना देश के किसी एक शहर में नहीं चल रही होगी। जिस दिन यह कार्य जमीनी धरातल पर उतरेंगे, अयोध्या दुनिया की सुंदरतम नगरी के रूप में रहेगी। जनवरी में जब पीएम मोदी के करकमलों से रामलला 500 वर्ष बाद अपने स्वयं के मंदिर में विराजमान होंगे तो दुनिया अयोध्या की तरफ आकर्षित होगी। यहां मुख्य रेलवे स्टेशन का विकास हो रहा है। सूर्यकुंड व भरतकुंड में भी रेलवे विकास के कार्य प्रारंभ हो रहे हैं। इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी इसी वर्ष बनकर तैयार हो जाएगा। यहां के लिए इतने अवसर आने जा रहे हैं कि जो अयोध्या नहीं आया होगा वो पछताता होगा। जिसने यहां जन्म नहीं लिया होगा, वह भी प्रार्थना कर रहा होगा कि हमें भी अयोध्या में जन्म लेने का अवसर मिलता तो हम भी सौभाग्यशाली होते। राम के बिना हमारा जीवन अधूरा माना जाता है। जिस रूप में प्रभु राम को पूजा है, भक्ति की है, वह साकार रूप में हम सबके सामने रामलला के रूप में मंदिर निर्माण के साथ विराजमान होकर दर्शन देंगे।

CM Yogi Adityanath in Ayodhya

CM Yogi Adityanath in Ayodhya

चार-छह महीने में दिल्ली की राजपथ सी होंगी अयोध्या की सड़कें

सीएम योगी ने पीएम नरेंद्र मोदी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर गुरुवार को योगीराज भरत जी की तपोस्थली नंदीग्राम, भरतकुंड में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। सीएम ने कहा कि अभी प्रारंभिक रूप में कार्य के कारण परेशानी हो रही होगी, लेकिन बड़े लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शुरुआती कठिनाई झेलनी पड़ती है। अगले चार-छह महीने में अयोध्या की सड़कें दिल्ली की राजपथ सी लगेंगी। हमने उसका नाम रामपथ ही रखा है। हनुमानगढ़ी के पीछे से सुग्रीव किला के पास से श्रीराम जन्मभूमि के लिए जो मार्ग जा रहा है, भक्तिपथ के रूप में शानदार मार्ग बनने जा रहा है। अयोध्या में इससे पहले इतने चौड़े मार्ग नहीं थे। पंचकोसी, 14 कोसी, चौरासीकोसी, नया बाईपास, रिंग रोड, फ्लाईओवर बन रहे हैं। चिकित्सालयों, शिक्षाकेंद्रों के विकास कार्यक्रमों को बढ़ाया जा रहा है।

End of Feed