CM Yogi Mother Last Rites: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का आज अंतिम संस्कार किया जा रहा है। आज सुबह उनके पार्थिव शरीर को पंचूर गांव से हरिद्वार ले जाया जा रहा है। इस दौरान सीएम योगी ने अपनी मां के पार्थिव शरीर की अर्थी की कंधा दिया। किसी भी बेटे के लिए यह पल हृदय विदारक होता है। इससे पहले अंतिम विदाई के दौरान सीएम योगी की आंखें नम थी।
सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते भावुक हुए सीएम योगी। PTI
पंचूर गांव में हुआ था सावित्री देवी का निधन
सावित्री देवी का निधन शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पंचूर गांव में हुआ था। यह गांव उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव भी है। उनका बचपन इसी गांव में बीता था।
अंतिम संस्कार के बाद लखनऊ जाएंगे सीएम योगी
उनका अंतिम संस्कार आज हरिद्वार के चंडीघाट पर करीब 11:30 बजे होगा। मां की अंत्येष्टि और अन्य रस्में पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ लौटेंगे।अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री शनिवार को दोपहर 2:15 बजे तक उत्तराखंड में रहेंगे। इसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना होंगे. लखनऊ में शाम 5:30 बजे से 6:45 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होने वाले कौशल दीक्षांत समारोह में वह शामिल होंगे।
रात भर मां की पार्थिव देह के पास बैठे रहे सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में थे, जब उन्हें अपनी मां सावित्री देवी के निधन की खबर मिली। उस वक्त वह चंपा देवी पार्क में आयोजित युवाओं को टैबलेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। बताया जाता है कि सबसे पहले यह दुखद खबर बीजेपी सांसद रवि किशन को मिली। उन्होंने इसकी जानकारी सीएम के सलाहकार अवनीश अवस्थी को दी।ॉ
इसके बाद योगी आदित्यनाथ ने अपना करीब 61 मिनट का भाषण पूरा किया। भाषण खत्म होने के बाद वह मंच के पीछे गए, जहां अवनीश अवस्थी ने उन्हें मां के निधन की सूचना दी। खबर मिलते ही मुख्यमंत्री ने अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए। गोंडा जाने का उनका प्रस्तावित कार्यक्रम भी निरस्त कर दिया गया।
इसके बाद सीएम योगी लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से विमान के जरिए देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से सड़क मार्ग से अपने पैतृक गांव पंचूर के लिए रवाना हुए। शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे वह पंचूर पहुंचे।
गांव पहुंचते ही योगी आदित्यनाथ मां के पार्थिव शरीर को देखकर भावुक हो गए। उन्होंने पुष्प अर्पित कर सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी और काफी देर तक शांत खड़े होकर मां को निहारते रहे। बताया जा रहा है कि वह पूरी रात बिना कुछ खाए-पिए मां की पार्थिव देह के पास बैठे रहे। मां के अंतिम दर्शन और उनके साथ बिताए आखिरी पलों में योगी का भावुक पक्ष सामने आया।
