पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भगवद्गीता पाठ कार्यक्रम में बड़े बयान दिए हैं। उन्होंने रविवार को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित भगवद्गीता पाठ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि राज्य में अब माहौल बदल चुका है। अब राज्य में किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है। उनकी सरकार गौमाता की रक्षा करेगी और साधु-संतों का अपमान करने वालों को जेल भेजेगी।
सुवेंदु अधिकारी।
बांगुर जागरण मंच की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 11 हजार लोगों ने एक साथ भगवद्गीता का पाठ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि लोगों को अपने धर्म और आस्था का पालन या प्रचार करने से डरने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने पिछली टीएमसी सरकार का बिना नाम लिए उसपर निशाना साधा। सीएम सुवेंदु ने लोगों से कहा कि बिना किसी हिचकिचाहट के भगवद्गीता का पाठ और वितरण करें। हनुमान चालीसा बांटें। हरे कृष्ण मंत्र का जाप करें और शंख बजाएं। राज्य में अब किसी को डरने की कोई जरूरत नहीं है। माहौल बदल गया है।”
‘टीका, शिखा, धोती और तुलसी की सरकार’
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि अब राज्य में ऐसी सरकार है जो हिंदू धार्मिक परंपराओं और ‘गौमाता’ की रक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि टीका, शिखा, धोती, तुलसी की सरकार आ गई है। गौमाता की रक्षा करने वाली सरकार यहां है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनकी सरकार साधु-संतों का अपमान करने वालों को जेल भेजेगी। उन्होंने धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई का संदेश दिया।‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ से सतर्क रहने की अपील
इस कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने लोगों से एकजुट और सतर्क रहने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को उन विभाजनकारी ताकतों और ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’के खिलाफ एकजुट रहना होगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे लोग ‘कश्मीर मांगे आजादी’ जैसे नारे लगाते हैं।
