Bhagwant Mann: कांग्रेस नेता एवं पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह बन्नी के बयान पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को हमला बोला। सीएम मान ने कहा कि विपक्ष द्वारा लोकतंत्र के मुद्दों को भटकाने का प्रयास किया जा रहा है और इससे जुड़ी जरूरी जानकारी वह लोगों को दे रहे हैं। सीएम ने कहा कि कांग्रेस हारती अपनी वजह से है लेकिन अपनी हार का ठीकरा दूसरे के सिर पर फोड़ देती है। उन्होंने कहा, 'कल कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बड़ा गैर-जिम्मेदाराना बयान दिया। चन्नी ने कहा कि जिला परिषद चुनाव में आम आदमी पार्टी वालों ने 100-100 बैलेट पेपर जिसके ऊपर पहले से ही झाड़ू के निशान पर मुहर लगी है, छाप कर रखे हुए हैं। दरअसल चरणजीत चन्नी का ये बयान ये दिखाता है कि वो मान चुके हैं कि वह हार रहे हैं।'
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान। तस्वीर-PTI
सीएम मान ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मान ने कहा कि पंजाब में हम 90% घरों को मुफ्त बिजली दे रहे हैं। खेतों में दिन में बिजली आ रही है और किसान फसलों में पानी लगाकर शाम को आराम से घर आ जाते हैं। मोहल्ला क्लीनिक खुल गए तो लोगों को दवाइयां मिल रही हैं। मुफ्त में टेस्ट हो रहे हैं। शानदार स्कूल हमने खोल दिए। टीचर्स को विदेशों में ले जाकर ट्रेनिंग दे रहे हैं। 17 टोल प्लाजा बंद कर दिए गए हैं। खेलों के ग्राउंड और स्टेडियम बन रहे हैं। हम काम के आधार पर वोट मांग रहे हैं और ये कांग्रेस वाले रोने के आधार पर झूठ फैलाकर और झूठे आरोप लगाकर वोट मांग रहे हैं।
'अब जनता के बीच नजर आ रहे सुखबीर बादल'
सीएम ने कहा, 'मैं इलेक्शन प्रचार के लिए पंजाब में नहीं गया क्योंकि उस वक्त मैं विदेश के दौरे पर इन्वेस्टर्स के साथ मीटिंग के लिए गया हुआ था। लेकिन अच्छी बात ये है कि लोकतंत्र की वजह से अब ये विरोधी पार्टियों के लोग जमीन पर आए हैं सुखबीर बादल अब जनता के बीच दिखाई दे रहे हैं। ब्लॉक समिति के चुनाव प्रचार के लिए पहले ये कभी नहीं आए लेकिन अब राजा वडिंग और सुखबीर बादल जैसे नेता भी जनता के बीच दिखाई दे रहे हैं।' मान ने अकाली दल पर गैंगस्टरों और उनके रिश्तेदारों को टिकट देने का आरोप लगाया।
सिद्धू पर भी निशाना साधा
नवजोत सिंह सिद्धू पर निशाना साधते हुए सीएम मान ने कहा कि 'वह टीवी पर काम करके पैसे कमा रहे हैं और दूसरी तरफ कह रहे हैं कि मुझे मुख्यमंत्री बनाओ। हरियाणा कांग्रेस ने भी चुनाव थाली में परोस कर बीजेपी वालों को दे दिया और ये सब कुछ आपसी गुटबाजी की वजह से हुआ। दिल्ली में पिछले कई सालों से ये शून्य पर ही चल रहे हैं। मध्य प्रदेश इन्होंने बीजेपी वालों को थाली में परोस कर दे दिया। बिहार में हार गए। तरनतारन उप-चुनाव में चौथे नंबर पर कांग्रेस आई है और जमानत वाहन जब्त हो गई है कांग्रेस तो अब घाटे का सौदा बन चुकी है।'
