CM Mamata Banerjee on Durgapur Case: पश्चिम बंगाल पुलिस ने दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल के पास द्वितीय वर्ष की मेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो अन्य संदिग्ध अभी भी फरार हैं। इस बीच मामले पर बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया आई है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने MBBS छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार के मामले पर कहा, 'बंगाल में जीरो टॉलरेंस है, हम यहां इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करते हैं और मैं बाहर से यहां पढ़ने आने वाले छात्रों से भी अनुरोध करती हूं कि वे रात में बाहर न जाएं... निजी कॉलेज का भी एक दायित्व है कि छात्रों का ध्यान रखें। घटना निंदनीय है लेकिन जो लोग हॉस्टल में रहते हैं, उनका एक सिस्टम होता है। मैंने पुलिस से सख्त कार्रवाई करने को कहा है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।'
MBBS स्टूडेंट से हुए गैंगरेप पर सीएम ममता की प्रतिक्रिया। (ANI)
सीएम ममता ने गिनाए अन्य राज्यों के नाम
ममता बनर्जी ने छात्रा के साथ हुए गैंगरेप पर आगे कहा, 'आप मुझे बताइए कि ओडिशा में तीन सप्ताह पहले समुद्र तट पर तीन लड़कियों के साथ बलात्कार हुआ, ओडिशा सरकार ने क्या कार्रवाई की और बंगाल में अगर महिलाओं के साथ कुछ भी होता है तो हम इसे सामान्य मामला नहीं मानते, यह एक गंभीर मामला है। वह लड़की निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ रही थी, इसलिए निजी मेडिकल कॉलेज की जिम्मेदारी है कि वे रात के 12.30 बजे कैसे बाहर आ गईं। जहां तक मुझे पता है कि यह वन क्षेत्र में हुआ था, इसलिए 12.30 बजे मुझे नहीं पता कि क्या हुआ, जांच जारी है... पुलिस जांच कर रही है, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी। 3 लोग पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं... अगर ऐसा दूसरे राज्यों में भी होता है तो भी यह निंदनीय है। हमने उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में भी ऐसे कई मामले देखे हैं, इसलिए सरकार को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।'
क्या है मामला?
ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली MBBS द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ शुक्रवार देर शाम अस्पताल भवन के पीछे बलात्कार किया गया। वह रात करीब साढ़े आठ बजे अपनी एक दोस्त के साथ परिसर से बाहर निकली थी। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति उसे घसीटकर एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसके साथ बलात्कार हुआ। उसे तुरंत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिलहाल उसकी निगरानी की जा रही है। घटनास्थल से उसके बैग, जूते और कपड़े सहित निजी सामान बरामद किया गया है।
