Student Protest: वायनाड सांसद और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को पेपर लीक मुद्दे को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आवास से प्रियंका गांधी सहित विपक्ष के कई सांसद बस में सवार होकर राजघाट पहुंचे, जहां पर छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए महात्मा गांधी को याद किया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा
मोदी सरकार पर बरसीं प्रियंका
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, प्रियंका गांधी ने कहा, ''हम सरकार को यह संदेश देने आए हैं कि हमारे देश की नींव क्या है। महात्मा गांधी, किसानों और गरीबों ने जो आंदोलन किए, वे वास्तव में अनोखी क्रांतियां थीं, क्योंकि उनमें किसी पर हाथ नहीं उठा।''
उन्होंने कहा कि आज उसी देश में अपने अधिकारों की मांग करने वाले बच्चों को पीटा जा रहा है। इससे साफ पता चलता है कि देश में कितना गलत हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जिस लोकतंत्र के लिए महात्मा गांधी शहीद हुए और जिसके लिए तमाम लोगों ने अपनी कुर्बानी दी... आज उसी लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की सीमाओं पर वर्दी पहनकर खड़े जवान किसलिए अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं? क्या इसलिए कि उनके बच्चों को पीटा जाए? उन्होंने कहा कि छात्रों की परीक्षा के पेपर लीक हो रहे हैं और वे अपने अधिकारों तथा न्याय की मांग कर रहे हैं, ऐसे में उनके साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के दायरे पर नहीं चलेगा इंटरनेट, शाम 4 बजे से आधी रात तक रहेगी पाबंदी
राहुल के घर पर लगा विपक्षी सांसदों का जमावड़ा
कांग्रेस और 'इंडिया' गठबंधन में शामिल कई दलों के नेता गुरुवार की शाम राहुल गांधी के आवास पर एकत्रित हुए। राहुल गांधी के 5, सुनहरी बाग रोड स्थित आवास पर मौजूद नेताओं में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव जयराम रमेश और के.सी. वेणुगोपाल, वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम, प्रमोद तिवारी, के. सुरेश और प्रणीति शिंदे, राजद के संजय यादव, सुधाकर सिंह और मीसा भारती, माकपा के जॉन ब्रिटास, आरएसपी के एन.के. प्रेमचंद्रन, तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा और सुगत रॉय समेत कई अन्य नेता मौजूद रहे, जो यहां से राजघाट के लिए निकले।
