सड़क हादसे में घायल हुईं राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, AIIMS में भर्ती, बेटा और सुरक्षाकर्मी भी जख्मी

छत्तीसगढ़ से भाजपा की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क दुर्घटना में घायल हो गईं। रायपुर-खरोरा मार्ग पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे में उनके बेटे, वाहन चालक और गनमैन को भी चोटें आई हैं। घायल सांसद को इलाज के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। हादसे को लेकर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने दुख जाहिर किया है।

सड़क हादसे में घायल हुईं राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा

सड़क हादसे में घायल हुईं राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा

जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मी वर्मा कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अपने वाहन से रायपुर के लिए निकली थीं। इसी दौरान खरोरा मार्ग पर उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में सांसद के साथ उनका बेटा, सुरक्षाकर्मी और ड्राइवर मौजूद थे। हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार की जरूरत पड़ी।

सांसद के हाथ में फ्रैक्चर, AIIMS में उपचार जारी

दुर्घटना में लक्ष्मी वर्मा के हाथ में गंभीर चोट आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। हादसे के बाद उन्हें तत्काल रायपुर AIIMS ले जाया गया। फिलहाल अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।

बेटे, ड्राइवर और गनमैन को भी लगी चोट

कार में सवार अन्य लोगों में सांसद के बेटे, चालक और गनमैन भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि वाहन चालक के सीने और हाथ में चोट आई है। वहीं, गनमैन को भी चोटें लगी हैं। हालांकि, सभी घायलों की स्थिति और उनकी चोटों की गंभीरता को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आनी बाकी है।

हादसे की वजह तलाश रही पुलिस

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही खरोरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार किन परिस्थितियों में हादसे का शिकार हुई। फिलहाल दुर्घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सीएम साय ने जताया दुख

राज्यसभा सांसद के हादसे को लेकर सीएम साय ने भी दुख जाहिर किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर इसे लेकर पोस्ट भी किया है। सीएम साय ने लिखा, 'राज्यसभा लक्ष्मी वर्मा जी के सड़क दुर्घटना में घायल होने का समाचार प्राप्त हुआ। प्रभु श्रीराम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'

End Article
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं।...

End of Feed