Modi Cabinet Decisions: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने देश में 850 फास्ट ट्रैक कोर्ट को मजबूत करने और उनकी अवधि बढ़ाने को मंजूरी दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
उन्होंने बताया कि कि इन अदालतों का मुख्य उद्देश्य बच्चों के साथ यौन शोषण और दुष्कर्म से जुड़े मामलों की सुनवाई में तेजी लाना है। उन्होंने कहा, ''महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और आने वाली पीढ़ी की सुरक्षा से जुड़े मामलों में सरकार निर्णायक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।''
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसे मामलों में मौजूदा कानूनों का प्रभावी इस्तेमाल करने के साथ जरूरत पड़ने पर नए कानून भी बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी प्रतिबद्धता के तहत 850 फास्ट ट्रैक कोर्ट को मजबूत करने और उनके विस्तार को मंजूरी दी गई है।
