LIVE

कोरोना वायरस समाचार: मुम्बई से आगे निकली दिल्ली, राज्य में कोरोना के मामले 70,000 के पार हुए

Coronavirus (Covid-19) News India: देश में कोरोना वायरस संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर साढ़े चार लाख से अधिक हो गया है, जबकि इस घातक संक्रमण से 14 हजार से अधिक लोग दम तोड़ चुके हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Jun 25, 2020, 00:14 IST
Follow on Google News
कोरोना वायरस समाचार: मुम्बई से आगे निकली दिल्ली, राज्य में कोरोना के मामले 70,000 के पार हुए
Photo Credit: AP

Coronavirus in India Update: देश में कोरोना संक्रमण के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। भारत जहां दुनिया में सर्वाधिक प्रभावित देशों की सूची में चौथे नंबर पर है, वहीं, देश में इस घातक संक्रमण से अब तक 14 हजार से अधिक लोग दम तोड़ चुके हैं, जबकि संक्रमण के कुल मामले बढ़कर यहां साढ़े चार लाख से अधिक हो गए हैं। हालांकि यहां रिकवरी रेट में दिन-ब-दिन सुधार की बात सरकार कर रही है। देश में लगभग सभी महानगरों में संक्रमण के मामलों में तेजी से उछाल देखा गया है, खासकर मुंबई और दिल्‍ली में हालात दिन-प्रतिदिन गंभीर होते जा रहे हैं, जिससे चिंताएं बढ़ती जा रही हैं। आने वाले दिनों में हालात और गंभीर होने का अनुमान भी जताया जा रहा है।

JUN 24, 2020 23:28 IST

दिल्ली में कोविड-19 के मामले 70,000 के पार चले गए

दिल्ली में बुधवार को और 3,788 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के साथ ही दिल्ली में कोविड-19 के मामले 70,000 के पार चले गए जबकि शहर में अभी तक इस संक्रमण से 2,365 लोग की मौत हुई है। इसी के साथ दिल्ली इस वायरस से बुरी तरह प्रभावित मुम्बई से आगे निकल गयी। मुम्बई में मंगलवार को कोविड-19 संक्रमण के कुल मामले 68,410 थे। मंगलवार को एक दिन में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा 3,947 नए मामले सामने आए थे।शुक्रवार-शनिवार से राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के 3000 या उससे अधिक नये मामले रोज आ रहे हैं, सोमवार को 2909 नये मरीज सामने आये थे।

JUN 24, 2020 20:19 IST

पश्चिम बंगाल में लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ाया गया

पश्चिम बंगाल सरकार ने कोरोना को देखते हुए लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ा दिया है,पश्चिम बंगाल में मंगलवार को कोविड-19 के कारण 11 और लोगों की मौत हो गई थी, जिससे इस बीमारी के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 580 पहुंच गई है, जबकि संक्रमण के 370 नये मामले सामने आने से राज्य में संक्रमितों की संख्या 14,728 पहुंच गई। राज्य के विभिन्न अस्पतालों से 531 मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई। पश्चिम बंगाल में मरीजों के ठीक होने की दर 62.58 प्रतिशत हो गई है
JUN 24, 2020 17:52 IST

कोरोना से जुड़ी दवा कोरोनिल को लेकर रामदेव ने अपनी बात कही

पतंजलि की कोरोना से जुड़ी दवा कोरोनिल को लेकर रामदेव ने कहा-आयुर्वेद से नफरत करने वाले के लिए निराश की खबर'। रामदेव ने पतंजलि के एमडी आचार्य बालकृष्ण के पोस्ट को रिट्वीट किया, बालकृष्ण के ट्वीट में जानकारी दी गई है कि कोरोनिल को लेकर ट्रायल समेत अन्य जरूरी जानकारी आयुष मंत्रालय को सौंपी गई है और आयुष मंत्रालय ने इसके बारे में पत्र लिखकर जवाब दिया है। वहीं पतंजलि आयुर्वेद की दवा 'कोरोनिल' के प्रचार पर आयुष मंत्रालय द्वारा रोक लगाए जाने के बाद उत्तराखंड सरकार के आयुर्वेद विभाग का लाइसेंस प्रदान करने वाले अधिकारी ने बुधवार को कहा कि पतंजलि आयुर्वेद की तरफ से लाइसेंस के लिए जो आवेदन किया गया था उसमें कोरोनावायरस का कोई जिक्र नहीं था। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक लाइसेंसिंग अधिकारी ने कहा कि पतंजलि को केवल इम्यूनिटी बढ़ाने वाले एवं कफ एवं बुखार की दवा बनाने की मंजूरी दी गई थी।

JUN 24, 2020 15:14 IST

रेलवे के शकूर बस्‍ती कोविड सेंटर पहुंचा पहला मरीज

दिल्‍ली के शकूरबस्‍ती रेलवे स्‍टेशन पर ट्रेन के कुछ कोच को कोविड केयर सेंटर के तौर पर स्‍थापित किया गया है। रेलवे मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को बताया कि यहां पहला मरीज पहुंच चुका है। उन्‍होंने कहा कि हम कोरोना के खिलाफ जंग में हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यहां उल्‍लेखनीय है कि दिल्‍ली के आनंद विहार रेलवे स्‍टेशन पर भी रेलवे ने कुछ कोच कोविड केयर सेंटर के तौर पर दिए हैं। इनमें उन मरीजों को रखा जाना है, जिनमें कोरोना संक्रमण के लक्षण कम हैं या नहीं हैं। 

JUN 24, 2020 14:23 IST

छत्‍तीसगढ़ में BSF के 15 जवान कोरोना पॉजिटिव

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 15 जवानों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से एक जवान में मंगलवार शाम को तथा 14 जवानों में देर रात संक्रमण की पुष्टि हुई। 10 जवान जिले के बांदे में तथा अन्य जवान अंतागढ़ के क्‍वारंटीन सेंटर में थे। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें जगदलपुर के अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। राज्य में अब तक बीएसएफ के 26 जवानों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से छह जवानों को इलाज के बाद छुट्टी दी जा चुकी है। सभी जवान छुट्टी के बाद पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार समेत अलग-अलग राज्यों से आए थे, जिसके बाद उन्हें क्‍वारंटीन केंद्र में रखा गया था।
 

JUN 24, 2020 13:41 IST

दिल्‍ली में लागू हो पुरानी व्‍यवस्‍था : सिसोदिया

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उनसे कोविड-19 मरीजों के चिकित्सकीय मूल्यांकन के लिए सरकारी केन्द्र आने की अनिवार्यता खत्म करने की अपील की है। सिसोदिया ने एक ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन्होंने उप राज्यपाल (एलजी) अनिल बैजल को भी इस संबंध में मंगलवार को पत्र लिखा था लेकिन एलजी कार्यालय से आप सरकार को अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। उन्होंने बुधवार को कहा, 'यह अमित शाह मॉडल और केजरीवाल मॉडल की लड़ाई नहीं है। हमें वह व्यवस्था लागू करनी चाहिए, जिसमें लोगों को परेशानी ना हो।' उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को नई व्यवस्था की वजह से काफी परेशानी हो रही है और उसे तुरंत खत्म किया जाना चाहिए। यहां पुरानी व्यवस्था लागू की जानी चाहिए, जिसके तहत मरीज के चिकित्सकीय मूल्यांकन के लिए जिला प्रशासन का एक दल उसके घर जाता था।

JUN 24, 2020 12:19 IST

राजस्‍थान में 16 हजार के करीब पहुंचा आंकड़ा

राजस्थान में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण से 7 अन्‍य लोगों की मौतें हुईं और 182 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले बढ़कर अब 15 हजार 809 है, जिनमें 3 हजार 13 सक्रिय मामले और 372 मौतें शामिल हैं।

JUN 24, 2020 11:40 IST

पश्चिम बंगाल में TMC विधायक का निधन

पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आए तृणमूल कांग्रेस विधायक तमोनाश घोष का बुधवार को एक अस्तपाल में निधन हो गया। घोष (60) के मई में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। दक्षिण 24 परगना में फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार के विधायक को संक्रमित पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें ह्दय और गुर्दे संबंधी कई पेरशानियां थी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्‍हें ट्वीट कर श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्‍होंने अपने ट्वीट में कहा, 'बेहद दुखद। फाल्टा से तीन बार के विधायक और 1998 से पार्टी के कोषाध्यक्ष तमोनाश आज हमें छोड़कर चले गए। 35 साल से हमारे साथ घोष लोगों और पार्टी के प्रति समर्पित थे। अपने सामाजिक कार्यों से उन्होंने बहुत योगदान दिया। उनकी कमी को पूरी करना कठिन होगा। मैं हम सभी की ओर से उनकी पत्नी झरना, दोनों बेटियों, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं।'

JUN 24, 2020 11:35 IST

ओडिशा में 282 नए मामले

ओडिशा में कोरोना वायरस संक्रमण के 282 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद राज्य में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 5 हजार 752 हो गई है। इसमें 1 हजार 740 सक्रिय मामले हैं और 3 हजार 988 ठीक हो चुके मामले हैं।

JUN 24, 2020 10:23 IST

कोलकाता में कोरोना पर सर्वदलीय बैठक

पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के गहराते संकट के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज (बुधवार, 24 जून) कोलकाता में सर्वदलीय बैठक बुलाई है, जिसमें कोरोना वायरस महामारी पर चर्चा की जाएगी। राज्‍य में कोरोना वायरस के कुल मामले बढ़कर 14 हजार 728 हो गए हैं, जबकि अब तक यहां 580 लोगों की इस घातक संक्रमण से जान जा चुकी है। यहां अब तक 9 हजार 218 लोग इस बीमारी की चपेट में आने के बाद ठीक हुए हैं, जबकि 4 हजार 930 एक्टिव केस हैं।

JUN 24, 2020 09:20 IST

देश में 24 घंटों में बढ़े कोरोना के करीब 16 हजार मरीज

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर साढ़े चार लाख के पार हो गए हैं, जबकि मरने वालों की संख्‍या बढ़कर साढ़े 14 हजार के करीब जा पहुंची है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बीते 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड 15 हजार 968 मामलों की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद यहां संक्रमण का मामले बढ़क 4 लाख 56 हजार 183 हो गए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान यहां 465 लोगों की जान गई है, जिसके बाद यहां संक्रमण से अब तक मरने वालों की संख्‍या बढ़कर 14 हजार 476 हो गई है।

JUN 24, 2020 08:53 IST

मास्‍क नहीं लगाने वालों से सख्‍ती

दिल्ली में कोरोना वायरस महामारी के बढ़ते कहर को देखते हुए दिल्ली पुलिस मास्क नहीं लगाने वाले लोगों से जुर्माना वसूल रही है। दिल्ली पुलिस मास्क न लगाने पर धारा 188 में पहली बार 500 रुपये और दूसरी बार 1,000 रुपये का जुर्माना लगा रही है।

JUN 24, 2020 08:53 IST

उत्‍तराखंड में बढ़े मामले

उत्‍तराखंड में कोरोना वायरस से संक्रमित दो अन्‍य मरीजों ने दम तोड़ दिया है, जबकि यहां कोरोना वायरस संक्रमण के 134 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्‍य में कोरोना वायरस संक्रमण का कुल आंकड़ा बढ़कर 2,535 हो गया है। वहीं राज्‍य में इस घातक संक्रमण से दम तोड़ने वलों की संख्‍या 30 हो गई है। यहां 1,602 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं ।

JUN 24, 2020 08:52 IST

बिहार में बढ़े मामले

बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण से दो अन्‍य लोगों की जान गई है, जिसके बाद यहां संक्रमण से मरने वालों की संख्‍या 54 हो गई है। राज्‍य में संक्रमण के 291 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद यहां संक्रमितों की संख्या 8,050 हो गई। राज्य में अबतक 1 लाख 69 हजार 401 नमूनों की जांच की जा चुकी है और कोरोना वायरस संक्रमित 6,027 मरीज ठीक हुए हैं।