LIVE

Coronavirus News Updates: महाराष्ट्र में कोरोना के 5537 नए केस, 8053 मौतें, दिल्ली में 2442 नए केस, 2803 मौतें

Covid 19 Cases in India: देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 5.85 से अधिक हो गए हैं, जबकि 17 हजार से अधिक लोगों की अब तक जान जा चुकी है। यहां लगभग साढ़े तीन लाख लोग अब तक इस बीमारी से उबर चुके हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Jul 1, 2020, 20:38 IST
Follow on Google News
Coronavirus News Updates: महाराष्ट्र में कोरोना के 5537 नए केस, 8053 मौतें, दिल्ली में 2442 नए केस, 2803 मौतें
Photo Credit: AP, File Image

नई दिल्‍ली : देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर अब 6 लाख के करीब पहुंचने को हैं। यहां बीते 24 घंटों के दौरान 18 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं, जबकि 500 से अधिक लोगों की जान गई है। इसके साथ ही देश में इस घातक संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्‍या बढ़कर 17 हजार के पार हो गई है। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे अधिक मामले महाराष्‍ट्र से सामने आए हैं, जबकि तमिलनाडु दूसरे और दिल्‍ली तीसरे स्‍थान पर है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच देशभर में आज से अनलॉक-2 भी शुरू हो रहा है।

यहां जानें कोरोना वायरस से जुड़े ताजा अपडेट्स

JUL 01, 2020 20:36 IST

महाराष्ट्र में कोरोना के 5537 नए केस

महाराष्ट्र में आज 198 मौतें हुई हैं और कोरोना के 5537 नए मामले दर्ज हुए हैं। राज्य में कुल मामलों की संख्या 1,80,298 तक पहुंच गई है। राज्य में अभी 79,075 सक्रिय मामले हैं, 93,154 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में अभी तक 8053 मौतें कोरोना से हुई हैं।

JUL 01, 2020 20:36 IST

दिल्ली में कोरोना के 2442 नए केस

दिल्ली में कोरोना के आज 2442 नए मामले सामने आए हैं और 61 मौतें हुई हैं। मामलों की कुल संख्या बढ़कर 89,802 हो गई है, जिनमें 27,007 सक्रिय मामले हैं, 59,992 ठीक हो चुके हैं। अभी तक 2803 की मौत हुई है। 

JUL 01, 2020 16:46 IST

कॉमन वेल्थ गेम्स विलेज का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बना कोविड सेंटर

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कोविड केयर सेंटर में तब्दील कॉमन वेल्थ गेम्स विलेज का दौरा किया। केजरीवाल ने कहा, 'कॉमन वेल्थ गेम्स विलेज के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 500 बेड तैयार किए गए हैं। ये सेंटर LNJP अस्पताल से जुड़ा होगा और इसमें पुरुष और महिला रोगियों के लिए अलग-अलग वार्ड होंगे।'

JUL 01, 2020 16:42 IST

UP में कोरोना के 585 नए मामले

उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव स्वास्थ अमित मोहन प्रसाद ने बताया, 'पिछले 24 घंटों में कोरोना के 585 नए मामले सामने आए हैं। एक्टिव मामलों की कुल संख्या 6709 है। पूरी तरह ठीक होकर डिस्चार्ज लोगों की संख्या 16629 है और डिस्चार्ज लोगों का प्रतिशत 69.12 हो गया है। अब तक कोरोना से 718 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। कल प्रदेश में एक दिन में सर्वाधिक 26489 सैंपलों की जांच की गई। अब तक प्रदेश में कुल 758915 सैंपलों की जांच की जा चुकी है।'

JUL 01, 2020 15:50 IST

मुंबई में धारा 144 लागू

मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस ने धारा 144 लगा दी है। इसके तहत धार्मिक स्थलों सहित अन्‍य किसी भी जगह पर लोगों के एकत्र होने पर रोक लगा दी गई है। निषेधाज्ञा मुंबई के डिप्‍टी कमिश्‍नर ऑफ पुलिस (ऑपरेशंस) की ओर से जारी की गई है, जो 15 जुलाई तक जारी रहेगी। इसके तहत कुछ निश्चित सेवाओं में ही छूट दी गई है।

JUL 01, 2020 15:42 IST

कोरोना से रिकवरी रेट 59.43 प्रतिशत

देश में कोरोना संक्रमण के मामले जहां 6 लाख के करीब पहुंचने को है, वहीं यहां संक्रमित मरीजों की संख्‍या में सुधार की दर दुनिया के अन्‍य देशों के मुकाबले काफी बेहतर है और इसमें लगातार सुधार हो रहा है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के एक अधिकारी के मुताबिक, यहां मरीजों के ठीक होने की दर 59.43 प्रतिशत है। देश में एक जून से लेकर अब तक 3 लाख 94 हजार 958 मामले सामने आ चुके हैं।

JUL 01, 2020 14:09 IST

बिहार में संक्रमण के 10 हजार से अधिक केस

बिहार में कोरोना संक्रमण के 88 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद यहां संक्रमण के कुल मामले 10,076 हो गए हैं। वहीं, पटना से सटे पालीगंज में कोरोना संक्रमण के 79 नए मामले सामने हैं। ये मामले मंगलवार के हैं, जिस बारे में स्‍थानीय सरकारी अस्‍पताल के डॉक्‍टर का कहना है कि इनमें से अधिकांश 15 जून को हुए एक विवाह समारोह में शामिल हुए लोग हैं।

JUL 01, 2020 13:34 IST

'दिल्‍ली में बेहतर हुए हालात, पर रहना होगा चौकस'

दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि यहां हालात पिछले कुछ दिनों में बेहतर हुए हैं। यहां टेस्‍ट बढ़ा है, जिसके बाद संक्रमण के मामलों का पता तेजी से लग रहा है। उन्‍होंने कहा कि पूर्व में जहां 100 में से 31 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही थी, वहीं बुधवार को 100 में से 13 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये अच्‍छे संकेत हैं। लेकिन इसमें फिलहाल खुश होने जैसी कोई बात नहीं है। इस वायरस के बारे में कुछ भी साफ तौर पर कह पाना मुश्किल है। हमें पूरी ताकत के साथ इस दिशा में अपने प्रयासों को जारी रखना होगा। 

JUL 01, 2020 11:59 IST

गोवा में BJP विधायक कोरोना पॉजिटिव

गोवा में बीजेपी के एक विधायक के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राज्य के एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने बुधवार को बताया कि विधायक को कोविड-19 मरीजों के इलाज के लिए चिह्नित मडगांव स्थित ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार को वह जांच में संक्रमित पाए गए थे। पिछले महीने राज्य के एक पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे और उनका ईएसआई अस्पताल में इलाज चल रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार मंगलवार तक गोवा में कोविड-19 के 1,315 मामले सामने आए हैं और इस बीमारी से तीन लोगों की मौत हुई है।

JUL 01, 2020 11:59 IST

राजस्‍थान में कोरोना के 18,092 केस

राजस्‍थान में कोरोना संक्रमण के 78 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद राज्‍य में कोरोना संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 18,092 हो गए हैं, जिनमें से 3,447 एक्टिव केस हैं और 413 लोगों की अब तक जान गई है।

JUL 01, 2020 10:54 IST

मुंबई में गणेशोत्‍सव नहीं

कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इस बार मुंबई में वृहद पैमाने पर गणेशोत्‍सव नहीं मनाने का फैसला लिया गया है। मुंबई में मशहूर लालबागचा राजा गणेशोत्‍सव मंडल ने इस बार कोविड-19 के कारण यह त्‍योहार नहीं मनाने का फैसला लिया है। लालबागचा राजा गणेशोत्‍सव मंडल की ओर से कहा गया है कि इस साल यहां गणेशोत्‍सव मनाने के बजाय ब्लड डोनेशन और प्‍लाज्‍मा डोनेशन कैंप लगाए जाएंगे।

JUL 01, 2020 10:54 IST

देश में अब तक 86.26 लाख नमूनों की जांच : ICMR

देश में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 86 से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है, जबकि रोजाना अब यहां 2 लाख से अधिक नमूनों की जांच की जा रही है। भारतीय चिकित्‍सा अनुसंधन परिषद (ICMR) के अनुसार, 30 जून तक यहां कोरोना वायसरस संक्रमण के 86 लाख 26 हजार 585 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 2 लाख 17 हजार 931 नमूनों की जांच मंगलवार को की गई है।

JUL 01, 2020 09:53 IST

24 घंटों में सामने आए 18 हजार से अधिक केस

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले बढ़कर अब 5 लाख 85 हजार 493 हो गए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान यहां संक्रमण के 18 हजार 653 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 507 लोगों की जान गई है। देश में कोरोना वायरस संक्रमण से जान गंवाने वालों की कुल संख्‍या अब 17,400 हो गई है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के अनुसार, यहां अब तक कोरोना संक्रमण के 2 लाख 20 हजार 114 एक्टिव केस हैं, जबकि 3 लाख 47 हजार 979 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं।

JUL 01, 2020 09:36 IST

दिल्‍ली में 1 माह में बढ़े 75 फीसद से अधिक मामले

देश की राजधानी दिल्‍ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 87 हजार से अधिक हो गए हैं। यहां संक्रमण के कुल मामलों में से 75 प्रतिशत से अधिक केस अकेले जून महीने में सामने आए हैं। दिल्‍ली में पहली जून से अनलॉक-1 की प्रक्रिया शुरू होने के बाद कोरोना केस में तेजी से बढ़ोतरी हुई। यहां अब तक 2,742 लोगों की कोरोना संक्रमण से जान गई है।