SP manifesto: संविधान दिवस के मौके पर यानी 26 नवंबर को समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपना 28 पन्नों का घोषणापत्र जारी किया। सपा ने अपने इस घोषणापत्र का नाम 'सत्ताईस का संकल्प: PDA का प्रणपत्र' दिया है। यह तीन हिस्सों की सीरीज का पहला हिस्सा है। सपा का यह घोषणापत्र ऐसे समय जारी हुआ है जब वह सीट बटवारे पर कांग्रेस के साथ बातचीत भी कर रही है। 2022 में पार्टी ने घोषणापत्र मतदान से बस दो दिन पहले जारी किया था लेकिन इस बार उसकी रणनीति उलट है। अखिलेश यादव ने अपने इस घोषणापत्र में चुनाव जीतने वाले सभी फॉर्मूलों को अपनाया है। इसमें तमिलनाडु के सीएम विजय का 'गोल्ड', भाजपा की डीबीटी स्कीम और केजरीवाल की मुफ्त बिजली का वादा शामिल है। चुनाव में ये ये जिताऊ वादे माने जाते हैं और अखिलेश भी इसी नक्शे कदम पर हैं।
यूपी चुनाव के लिए सपा ने जारी किया है अपना घोषणापत्र। तस्वीर-AI
सपा के प्रमुख चुनावी वादे
रोजगार: पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां और बेरोजगार युवाओं को ₹5,000 मासिक भत्ता। इसके अलावा 20 लाख मुफ्त लैपटॉप।
बिजली: ग्रामीण घरों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली और किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली।
किसान: 100 दिन में पूरी कर्जमाफी और बेटियों को 10 ग्राम सोना। MSP की कानूनी गारंटी भी वादों में है।
महिलाएं: सालाना ₹40,000 की आर्थिक सहायता।
PDA और सामाजिक न्याय: पुरानी पेंशन की बहाली और 50 प्रतिशत निजी ठेका आरक्षण जैसे दलित-केंद्रित वादे। जातिगत जनगणना का वादा भी है।
जिताऊ फॉर्मूले, एक पन्ने पर
1 BJP DBT मॉडल: सीधे खाते में पैसा भेजने की व्यवस्था 2013 में शुरू हुई थी और बाद में बड़े पैमाने पर फैली। ₹5,000 का भत्ता और महिलाओं की सालाना सहायता इसी ढांचे पर टिकी लगती हैं।
2. केजरीवाल मॉडल: बिजली के वादे से चुनाव जीतने का रास्ता AAP ने 2013 के दिल्ली चुनाव में सबसे सफलता से अपनाया। अखिलेश का 300 यूनिट का वादा नया नहीं है। वे 2021 में भी यही ऐलान कर चुके हैं। फिर भी 2022 में सपा सरकार नहीं बना सकी।
3. विजय मॉडल: तमिलनाडु में TVK ने महिलाओं के लिए ₹2,500 मासिक सहायता और शादी पर 8 ग्राम सोने व सिल्क साड़ी का वादा किया था। अखिलेश का बेटियों को सोना देने वाला वादा उसी लाइन पर दिखता है।
ये जीत के फॉर्मूले हैं, गारंटी नहीं
चुनाव में ये वादे जीत के फॉर्मूला माने जाते हैं लेकिन ये गारंटी नहीं हैं। जनता भरोसे को देखती है। असली सवाल यह भी है कि 25 लाख नौकरियों, कर्जमाफी और नकद सहायता का खर्च राज्य के बजट से कैसे निकलेगा। सपा ने पहली चाल चलकर BJP पर दबाव बना दिया है। खासकर महिलाओं के लिए और आकर्षक वादे करने का दबाव। वादों की जंग शुरू हो चुकी है, फैसला फरवरी-मार्च 2027 में जनता करेगी।
बेरोजगार स्नातकों को प्रतिमाह 5,000 रुपये भत्ता
सपा के घोषणापत्र में 10 लाख सरकारी नौकरियां देने, बेरोजगार स्नातकों को प्रतिमाह 5,000 रुपये भत्ता देने, किसानों का 100 दिन में शत-प्रतिशत कर्ज माफ करने और सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने का वादा भी है। साथ ही अल्पसंख्यकों, महिलाओं और दलितों के खिलाफ घृणा अपराधों को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाने का वादा भी किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में न्यूनतम 150 दिन का रोजगार सुनिश्चित करने के लिए नई योजना और शहरों में रोजगार गारंटी कानून लागू करने का भी वादा किया गया है। इसके अलावा भर्ती परीक्षाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर बनाने तथा एक चरण वाली भर्ती तीन महीने और दो-तीन चरण वाली भर्ती छह महीने में पूरी करने की बात कही गई है।
तीन महीने में 100 प्रतिशत कर्ज माफी
किसानों के लिए घोषणापत्र में सरकार बनने के तीन महीने में 100 प्रतिशत कर्ज माफी और 2031 तक प्रदेश के सभी किसानों को कर्जमुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। दूध समेत सभी फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी देने तथा इसे स्वामीनाथन आयोग के सी2+50 प्रतिशत फार्मूले के आधार पर तय करने का वादा किया गया है। गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए 10,000 करोड़ रुपये का रिवॉल्विंग फंड बनाने की घोषणा की गई है। किसानों का बीमा मुआवजा बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का भी वादा किया गया है।
