JNU यौन उत्पीड़न मामले में कांग्रेस सांसद की बढ़ेंगी मुश्किलें? राष्ट्रपति मुर्मू से मिलने पहुंचीं BJP की महिला सांसद

JNU Professor Sexual Harassment: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में यौन उत्पीड़न के आरोपों में दोषी पाए जाने के बाद बर्खास्त हुए प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।

JNU Professor Sexual Harassment: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के प्रोफेसर और कांग्रेस के इनर मणिपुर से सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम (Angomcha Bimol Akoijam) के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर राजनीति गर्मा गई है। इस गंभीर मुद्दे पर भाजपा की महिला सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) से मुलाकात करने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का मकसद राष्ट्रपति का ध्यान इस पूरे मामले की ओर खींचना और उचित कार्रवाई के लिए उनके हस्तक्षेप की मांग करना है।

JNU Professor Sexual Harassment

JNU में यौन उत्पीड़न मामला (फाइल फोटो)

सांसद डी. पुरंदेश्वरी की अगुवाई में राष्ट्रपति भवन पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी और दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज समेत कई अन्य प्रमुख महिला नेता शामिल रहीं। यह पूरी कवायद उस प्रदर्शन के ठीक एक दिन बाद हुई है, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय और हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर जोरदार विरोध जताया था। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि कांग्रेस पार्टी तुरंत सांसद अकोइजम को बाहर का रास्ता दिखाए।

जेएनयू प्रशासन ने यौन उत्पीड़न के मामले की जांच के बाद किया बर्खास्त

गौरतलब है कि पिछले हफ्ते जेएनयू प्रशासन ने यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच पूरी होने के बाद अकोइजम को सेवा से बर्खास्त कर दिया था। वे विश्वविद्यालय के ‘स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज’ के अंतर्गत ‘सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम’ में बतौर प्रोफेसर तैनात थे। इस साल मई महीने में करीब 11 छात्राओं ने उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं। छात्राओं का आरोप था कि प्रोफेसर उन्हें मुलाकात के बहाने परिसर स्थित अपने आवास पर बुलाते थे और गलत नीयत से छूने का प्रयास करते थे। इतना ही नहीं, कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि वे कक्षा के दौरान भी बेहद अश्लील और अनुचित बातें करते थे।

बीजेपी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को आड़े हाथों लेते हुए सवाल उठाए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) मंचों से 'पितृसत्ता खत्म करने' और महिलाओं के सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन जब अपनी ही पार्टी के सांसद पर ऐसे गंभीर आरोप सिद्ध हो जाते हैं, तो वे पूरी तरह खामोश हो जाते हैं। भाजपा का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

End Article
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर...

End of Feed