BJP Himachal Pradesh candidates list: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पहली सूची में 62 उम्मीदवारों के नाम का एलान हुआ है। इस लिस्ट में पांच महिलाओं को टिकट दिया गया है। सीएम जयराम ठाकुर सिराज सीट और मंडी से अनिल शर्मा चुनाव लड़ेंगे। हमीरपुर से नरेंद्र ठाकुर को टिकट मिला है। इससे पहले कांग्रेस ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए 46 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट (List) जारी की। लिस्ट में कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री को हरोली विधानसभा सीट से और पूर्व मंत्री आशा कुमारी को उनकी डलहौजी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
चुनाव आयोग ने राज्य के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। राज्य में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। कुछ सीटों पर आम आदमी पार्टी मुकाबले को त्रिकोणीय बना सकती है।
सोमवार को हुई बैठक में सूची को अंतिम रूप दिया गया
पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की सोमवार को हुई बैठक में सूची को अंतिम रूप दिया गया। इसमें कुछ मौजूदा विधायकों का टिकट काटा भी गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई वरिष्ठ नेता केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य हैं। राज्य की 68 विधानसभा सीट के लिए मतदान 12 नवंबर को होगा। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर है।
BJP releases a list of 62 candidates for the upcoming #HimachalPradesh Assembly election. CM Jairam Thakur to con… t.co/mr2XuJ2xtM
— ANI (@ANI) Oct 19, 2022
नामांकन प्रक्रिया शुरू
हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है। पहाड़ी राज्य में विधानसभा की 68 सीटें हैं। इन सीटों पर मतदान 12 नवंबर को होगा और नतीजे आठ दिसंबर को घोषित होंगे। हिमाचल में 55,07,261 योग्य मतदाता हैं। इनमें 27,80,208 पुरुष और 27,27,016 महिला मतदाता हैं। इनमें से 1,86,681 मतदाता ऐसे हैं जो पहली बार मतदान करेंगे। ये सभी 18 से 19 वर्ष के आयु वर्ग के हैं। 100 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1,184 है जबकि 80 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1.22 लाख के करीब है।
बुधवार को परचा भरेंगे जयराम ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 12 नवंबर को होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए मंडी जिले की सिराज विधानसभा सीट से बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जयराम ठाकुर (57) बुधवार, 19 अक्टूबर को अपनी मां ब्रिकू देवी के अलावा 'कुलदेवता' और 'कुलदेवी' का आशीर्वाद लेने के बाद थुनाग के उप-संभागीय मजिस्ट्रेट, सिराज विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) को दस्तावेज सौंपेंगे।
पिछले चुनाव में भाजपा को 44 सीटों पर जीत मिली
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को 68 सदस्यीय विधानसभा में 44 सीटों पर जीत हासिल हुई थी जबकि कांग्रेस 21 सीटें जीतने में सफल रही। इस चुनाव में भाजपा को 48.79 प्रतिशत मत हासिल हुए थे, जबकि कांग्रेस को 41.68 प्रतिशत मत मिले थे। निर्दलीय उम्मीदवारों को 6.34 प्रतिशत मत मिले थे।
