SCO Meet: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (चार जुलाई, 2023) शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की शिखर बैठक की मेजबानी करेंगे। समिट दोपहर साढ़े 12 बजे के आसपास शुरू होगी और इसका समापन करीब दोपहर तीन बजे होगा। वह डिजिटल माध्यम से इस मीटिंग में हिस्सा लेंगे और इस दौरान चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ शामिल होंगे। बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा की स्थिति और कारोबार के साथ सम्पर्क बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हो सकती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (क्रिएटिवः अभिषेक गुप्ता)
सूत्रों ने इस बाबत समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को जानकारी दी कि ऐसा समझा जाता है कि इस बैठक में अफगानिस्तान के हालात, यूक्रेन संघर्ष और समूह के सदस्यों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने जैसे मसलों पर मंथन हो सकता है। वैसे, भारत की अध्यक्षता में इस शिखर बैठक में ईरान का इस समूह के नए स्थायी सदस्य में रूप में स्वागत होगा, जबकि बीते हफ्ते निजी सेना ‘वैग्नर ग्रुप’ के विद्रोह की घटना (अल्पाकालिक) के बाद किसी बहुपक्षीय मंच पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यह पहली भागीदारी होगी।
बैठक में इन मुद्दों पर दिया जा सकता है जोर
- सीमा-पार आतंकवाद का मसला
- कट्टरपंथ खत्म करने की रणनीतियां
- मिलेट्स के बढ़ावा देने की बात
- टिकाऊ जीवन-शैली के लिए जलवायु परिवर्तन
- डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन
भारत ने एससीओ की अध्यक्षता पिछले बरस 16 सितंबर को समरकंद शिखर सम्मेलन के दौरान संभाली थी। ग्रुप के दो निकाय- सचिवालय और एससीओ क्षेत्रीय आतंकवाद रोधी ढांचा (एससीओ रैट्स) के प्रमुख भी मंगलवार को इस बैठक में हिस्सा लेंगे। इस शिखर बैठक का मुख्य विषय ‘सुरक्षित एससीओ की ओर’ (टुवार्ड सेक्योर एससीओ) है।
शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) में भारत, रूस, चीन, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, किर्गिजिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान हैं और इसे एक अहम आर्थिक व सुरक्षा समूह माना जाता है। इंडिया एससीओ का पूर्ण सदस्य अस्ताना शिखर सम्मेलन में 2017 में बना था और 2005 में एससीओ से पर्यवेक्षक देश के तौर पर जुड़ा था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
