Karnataka MLC Polls: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को कर्नाटक विधान परिषद चुनावों (MLC Polls) में क्रॉस वोटिंग को लेकर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा और अन्य नेताओं को तलब किया।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन (फाइल फोटो)
कर्नाटक में भाजपा विधायकों द्वारा की गई क्रॉस-वोटिंग को लेकर पार्टी हाईकमान नाराज है। प्रदेशाध्यक्ष विजयेंद्र, विपक्ष के नेता आर. अशोक और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल को 23 जून को दिल्ली तलब किया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाल से बताया कि कर्नाटक में एनडीए के 11 विधायकों ने कथित तौर पर क्रॉस-वोटिंग की, जिसको लेकर भाजपा हाईकमान नाराज है।
भाजपा ने दो सीटों पर दर्ज की जीत
विधान परिषद की सात सीटों के लिए गुरुवार को हुए चुनाव में कांग्रेस ने 5 सीटों पर, जबकि भाजपा ने दो सीटों पर कब्जा किया। बताया जा रहा है कि भाजपा और जनता दल (सेक्युलर) दोनों ही दलों के विधायकों की ओर से 'क्रॉस-वोटिंग' हुई। जिसकी वजह से कांग्रेस उम्मीदवारों को उम्मीद से ज्यादा वोट मिले। सात सीटों के लिए हुए चुनाव में आठ उम्मीदवार मैदान में थे। ऐसे में सभी 222 विधायकों ने अपने वोट डाले।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कर्नाटक में शिवकुमार ने करवाया खेला! क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस की हो गई बल्ले-बल्ले; 7 में से 5 सीटों पर दर्ज की जीत
किस-किस ने लड़ा चुनाव?
चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में कांग्रेस के थिप्पन्नप्पा कामकनूर, पी.वी. मोहन, बी.के. हरिप्रसाद (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष), शिवन्ना बी एस, और विनय कार्तिक प्रकाश तथा भाजपा के लिंगराज पाटिल और रघु आर और जद(एस) के गोविंदराजू शामिल हैं।
कर्नाटक में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की जद(एस) भी शामिल हैं। विधान परिषद चुनाव में जद(एस) उम्मीदवार को कांग्रेस के पांचवें उम्मीदवार से कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। सनद रहे कि विधान परिषद चुनाव कराने की जरूरत इसलिए पड़ी, क्योंकि सात सदस्यों का कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। इनमें कांग्रेस के नसीर अहमद, टिप्पन्नाप्पा और बी. के. हरिप्रसाद, भाजपा के एन. नागराजू (एमटीबी), प्रताप एस. नायक के. और सुनील वल्लयापुर तथा जद (एस) के गोविंदराजू शामिल हैं।
