BJP का राहुल गांधी पर पलटवार, रविशंकर प्रसाद बोले- PM बनने का उतावलापन इतना कि वो झूठ बोलने पर आमादा

Ravi Shankar Prasad On Rahul Gandhi: महिला सशक्तिकरण को लेकर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह बिल उसी दिशा में एक प्रयास है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी महिला विरोधी है।

Ravi Shankar Prasad On Rahul Gandhi: परिसीमन बिल और एसआईआर मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी को हताश और अराजक नेता बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पीएम बनने की उतावलेपन में इतने आगे बढ़ गए हैं कि अब झूठ बोलने पर आमादा हैं। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी एक हताश और पूर्ण रूप से अराजक नेता का बयान है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी महिला विरोधी है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी माई वे या हाईवे में विश्वास करते हैं।”

BJP on Rahul ANI

राहुल गांधी पर बीजेपी का पलटवार (फोटो साभार- BJP/ANI)

राहुल गांधी पर BJP ने किया तीखा पलटवार

महिला सशक्तिकरण को लेकर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह बिल उसी दिशा में एक प्रयास है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “आपने देखा होगा कि चाहे ड्रोन दीदी की बात हो, मंगलयान या चंद्रयान में महिला वैज्ञानिकों की भागीदारी हो, सेना में महिलाओं को स्थान देने की बात हो या उन्हें सेना के बड़े पदों पर स्थायी कमीशन देने का विषय हो, महिलाओं के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री की बात हो या निचले स्तर पर ग्राम पंचायत और जिला परिषद में आरक्षण की बात हो, हर क्षेत्र में महिलाओं को आगे बढ़ाने और सशक्त बनाने की कोशिश की गई है।”

'नारी सशक्तिकरण के लिए PM मोदी की दुनियाभर में चर्चा'

प्रसाद ने कहा कि महिलाएं आगे बढ़ें, इम्पावर हों, इसकी उन्होंने कोशिश की है। और आज नारी सशक्तिकरण के संबंध में नरेंद्र मोदी जी की कोशिश दुनिया में चर्चा का विषय है। यह सब समावेशी सरकार के लिए किया गया है। उज्ज्वला योजना हो या शौचालय की योजना हो, या फिर एंटरप्रेन्योर की बात हो या स्टार्टअप की बात हो, हर फील्ड में भारत की महिला आगे बढ़ रही है। राहुल गांधी के चुनाव वाले आरोपों पर भी रविशंकर प्रसाद ने करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी होमवर्क नहीं करते। उन्हें ट्यूशन देने वाले भी अपना होमवर्क नहीं करते क्या? 2024 में ज्ञानेश कुमार चीफ इलेक्शन कमिश्नर नहीं थे। फिर ज्ञानेश कुमार को लेकर बार-बार सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं?”

प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट के मामले में जो बातें कही हैं, उनसे देश के बड़े-बड़े संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को गुमराह किया है। उन्होंने आगे कहा, “राहुल कहते हैं 24 का इलेक्शन फेक है। मोदी जी फेक प्राइम मिनिस्टर हैं। तो राहुल गांधी जी उसी चुनाव में तो आप भी जीत के आए हैं ना? तो इस्तीफा क्यों नहीं देते हैं आप? दे दीजिए ना। उसी चुनाव के प्रोसेस में आपकी बहन भी जीत के आई हैं ना? तो दे दीजिए ना। उसी चुनाव के प्रोसेस में आपकी कई सरकारें भी बनी हैं ना? तो उनसे रिजाइन दिलवाइए। ये कौन सा डबल स्टैंडर्ड और हिपोक्रेसी है, राहुल गांधी?”

राहुल गांधी ने की थी प्रेस कॉन्फ्रेंस

गौरतलब है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को इंदिरा भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि महिला आरक्षण बिल पहले ही पारित हो चुका है। अब जब चाहें, तब चुनावों में धांधली का दौर खत्म हो चुका है। उन्होंने दावा किया था कि देश के 80 प्रतिशत लोग और 100 फीसदी जेन जेड मानते हैं कि पीएम मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार चुनाव हड़प लेते हैं। भाजपा 10 साल से वोट चोरी करके चुनाव जीत रही है। अब इन लोगों ने नई योजना बनाई है।

End Article
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखत...

End of Feed