Sajjan Kumar Passes Away: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तीन पार्टी सांसदों को जमकर फटकार लगाई। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि भाजपा के तीन सांसद 1984 सिख विरोधी दंगा मामले में दोषी करार दिए गए कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार की शोक सभा में शामिल हुए जिसको लेकर नितिन नवीन ने नाराजगी जाहिर की।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन (फोटो साभार: @NitinNabin)
सज्जन कुमार के परिजनों से मिले भाजपा सांसद
सज्जन कुमार की शोक सभा में भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत और योगेंद्र चंदोलिया शामिल हुए थे। पीटीआई ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज इन तीनों सांसदों को बुलाया और सज्जन कुमार के घर जाने पर नाराजगी जताई। बताया जा रहा है कि भाजपा सांसदों ने सज्जन कुमार के घर जाने की कोई जानकारी नहीं दी थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'कृष्ण चेतना ही दुनिया को कर सकती है एकजुट', न्यूयॉर्क के ISKCON मंदिर में बोले मोहन भागवत
बता दें कि सज्जन कुमार 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामले में तिहाड़ जेल में दोहरी उम्रकैद की सजा काट रहे थे। इस बीच, 20 अगस्त को उनकी मौत हो गई। तीन बार लोकसभा सदस्य रहे सज्जन कुमार ने बाहरी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था और वह कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल थे। उन्होंने 2018 में दोषी ठहराए जाने के बाद पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
भाजपा नेता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता एच. एस. फुल्का ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाने के लिए नितिन नवीन की सराहना की और कहा, ''कांग्रेस के वर्षों के पाखंड के विपरीत, नेतृत्व ऐसा ही होना चाहिए।'' फुल्का ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाने के लिए नितिन नवीन का आभारी हूं।'' सिख-विरोधी दंगों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ''भाजपा पिछले 40 वर्षों से इस मुद्दे को अपना मुद्दा मानकर लड़ती रही है।''
फुल्का ने शुक्रवार को भी भाजपा सांसद- कमलजीत सहरावत, रामवीर सिंह बिधूड़ी और योगेंद्र चंदोलिया- के कुमार के आवास पर जाने की निंदा की थी और उनके बहिष्कार की मांग की थी। फुल्का आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व सदस्य हैं और 1984 के सिख-विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए उनका प्रतिनिधित्व करने के लिए जाने जाते हैं। वह एक अप्रैल को भाजपा में शामिल हुए थे।
भाजपा प्रवक्ता आर. पी. सिंह ने भी पार्टी के तीन सांसदों के कुमार के आवास पर जाने की निंदा की। सिंह ने शनिवार को 'पीटीआई-वीडियो' सेवा से कहा, ''क्योंकि सज्जन कुमार हत्यारा था, वह ऐसा व्यक्ति था, जिसने सिखों के नरसंहार को अंजाम दिया था। बाद में अदालत ने उसे दोषी ठहराया। ऐसा नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में हुआ। कांग्रेस शासन के दौरान सज्जन कुमार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी।''
