'बिना मेरा पक्ष सुने अदालत ने सुनाया फैसला', दोषियों की सजा निलंबित होने पर भावुक हुईं बिलकिस, सुप्रीम कोर्ट के आदेश को देंगी चुनौती

2002 के दंगों के दौरान गैंगरेप और परिजनों की हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा 2 दोषियों की सजा निलंबित कर जमानत देने पर बिलकिस बानो ने गहरा दुख, सदमा और हैरानी जताई है।

2002 के गुजरात दंगों के दौरान सामूहिक दुष्कर्म और परिवार के सात सदस्यों की बर्बर हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दो दोषियों की उम्रकैद की सजा निलंबित कर जमानत देने के आदेश पर पीड़िता बिलकिस बानो की प्रतिक्रिया सामने आई है। बिलकिस बानो ने शीर्ष अदालत के इस फैसले पर गहरा सदमा, हैरानी और अविश्वास व्यक्त किया है। मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को मीडिया के नाम जारी अपने भावुक बयान में बिलकिस बानो ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने उनका पक्ष सुने बिना और उन्हें कोई पूर्व सूचना दिए बिना यह आदेश पारित किया है। उन्हें इस फैसले की जानकारी प्रेस रिपोर्टों के माध्यम से मिली।

Bilkis Bano Reaction Supreme Court Bail

सुप्रीम कोर्ट के जमानत आदेश को चुनौती देंगी बिलकिस बानो (फाइल फोटो)

'आंसुओं और दर्द के साथ जारी कर रही हूं बयान'

बिलकिस बानो ने अपने लिखित बयान में अपना दर्द साझा करते हुए लिखा कि "मैं यह बयान तब जारी कर रही हूं जब दर्द, सदमे और अविश्वास के ताजा आंसुओं के बीच से शब्द बहुत धीरे-धीरे निकल रहे हैं। मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा है कि एक बार फिर, दूसरी बार, सुप्रीम कोर्ट द्वारा मुझे बिना बुलाए और बिना मेरा पक्ष सुने आदेश पारित कर दिया गया है। मुझे इसकी जानकारी प्रेस रिपोर्टों के जरिए हुई।" उन्होंने 24 सालों के लंबे संघर्ष को याद करते हुए आगे कहा कि "मैं 19 साल की एक युवा लड़की थी जब मेरी दुनिया, मेरी नन्हीं बच्ची, मेरा परिवार, मेरा घर और इंसानियत पर से मेरा भरोसा क्रूरतापूर्वक छीन लिया गया था। उस दिन से लेकर आज तक, 24 लंबे सालों से मैं अपने लिए और हर जगह की महिलाओं के लिए न्याय की लड़ाई लड़ती आ रही हूं। 24 वर्षों में मैंने साहस के उस भंडार को खोजा जिसके बारे में मुझे पता भी नहीं था, और यह केवल इसलिए संभव हुआ क्योंकि लाखों आवाजें मेरे समर्थन और एकजुटता में खड़ी हुईं।"

End of Feed