बिहार में नई विधानसभा के गठन की दिशा में अहम कदम उठाते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंज्याल और चुनाव आयोग के प्रधान सचिव अरविंद आनंद ने सोमवार को राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हाल ही में संपन्न चुनावों में विजयी उम्मीदवारों की सूची और आयोग द्वारा जारी अधिसूचना राज्यपाल को सौंप दी।
चुनाव आयोग ने राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान को सौंपी विधायकों की लिस्ट।(फोटो सोर्स: ANI)
इसके साथ ही राज्य में नए सदन की संरचना औपचारिक रूप से पूरी मानी जा रही है। चुनावी प्रक्रिया के खत्म होने के बाद यह दस्तावेज राज्यपाल को सौंपना एक संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर आगे की विधायी कार्यवाही और सरकार गठन की राह प्रशस्त होती है।
चुनाव में NDA को मिली प्रचंड जीत
बता दें कि 6 और 11 नवंबर को हुए मतदान के बाद 14 नवंबर को मतगणना हुई थी। इस बार एनडीए को प्रचंड जीत मिली है। बीजेपी ने 89 तो जेडीयू ने 85 सीटें अपने नाम की। इस जीत के बाद सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की प्रतिक्रिया सामने आई है। दोनों दलों ने 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा था।
वहीं, चुनाव में महागठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ा है। गठबंधन कुल मिलाकर 35 सीटों पर सिमट गया, जो पिछली बार की तुलना में 79 सीटों की भारी गिरावट है। उनका वोट शेयर 39 प्रतिशत रहा, लेकिन सीटों में इसका कोई लाभ नजर नहीं आया. आरजेडी ने मात्र 25 सीटें जीतीं, जो पिछले चुनाव से 50 सीटें कम हैं। वहीं, कांग्रेस महज 6 सीटों पर सिमट कर रह गई।
