Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजद नेता तेजस्वी यादव ने रोजगार को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने वादा किया है कि बिहार के हर परिवार के कम से कम एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। तेजस्वी के इस ऐलान के बाद राजनेताओं की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। जन सुराज के सुप्रीमो प्रशांत किशोर ने हर घर में एक सरकारी नौकरी देने के तेजस्वी यादव के वादे को बेतुका करार दिया है।
तेजस्वी यादव के रोजगार वाले वादे पर प्रशांत किशोर ने साधा निशाना।(फोटो सोर्स: ANI)
प्रशांत किशोर ने क्या कहा?
उन्होंने कहा, 'यह सरासर झूठ है।' पीके ने कहा कि बिहार में कुल 26.5 लाख सरकारी नौकरियां हैं। तेजस्वी के वादे के मुताबिक हर घर में एक सरकारी नौकरी देने का मतलब है, 3.5 करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी देना। तेजस्वी या तो खुद मूर्ख हैं या बिहार की जनता को मूर्ख बना रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, 'पीएम मोदी ने भी एक बार पूरे देश में 2 करोड़ नौकरियों का वादा किया था, और वह कभी पूरा नहीं हुआ। अब तेजस्वी अकेले बिहार में 3.5 करोड़ नौकरियों का दावा कर रहे हैं, यह असंभव है। लोग समझदार हैं और ऐसी खोखली बयानबाजी को समझते हैं। लोकलुभावन वादे काम नहीं आएंगे।
नौकरियों को लेकर क्या दावा करते आए हैं तेजस्वी
मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी ने कहा कि 17 महीने में हमने जो काम किया था उसमें 5 लाख नौकरियां दी थी। आज यह लोग बेरोजगारी भत्ता देने की बात कर रहे हैं नौकरी देने की बात नहीं कर रहे। 10 अगस्त 2022 से 28 जनवरी 2024 तक नीतीश कुमार की अगुआई वाली महागठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे थे। वो दावा करते आए हैं कि उन्होंने 17 महीनों में 5 लाख नौकरियां दी थीं, जो एक रिकॉर्ड है।
साइंटिफिक तरीके से करेंगे काम: तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने ऐलान किया है कि बिहार में जितने भी ऐसे परिवार हैं जिनके घर में सरकारी नौकरी नहीं है वहां हम सरकार में आने के बाद बीस दिनों के अंदर अधिनियम लाएंगे और बिहार के हर परिवार को सरकारी नौकरी देंगे। उन्होंने आगे कहा कि अब हमसे पूछा जाएगा कि हम यह कैसे करेंगे। तो हम बता दें कि हम इसे साइंटिफिक तरीके से करेंगे और हमारे पर सभी चीजों का आंकड़ा है।
अपनी घोषणा को लेकर तेजस्वी ने कहा, 'हम जो घोषणा कर रहे है, बहुत लोगों का सवाल होगा की कैसे देंगे? हमने सारा डेटा निकाला है और सभी सर्वे हमने करा लिया है और मेरा प्रण है ये और जो हो सकता है वही हम करेंगे।
