Bihar Cabinet Expansion: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान, सुरक्षा, सुशासन एवं बिहार के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर बातचीत की।
सम्राट चौधरी ने अमित शाह से की मुलाकात
शाह से मिले सम्राट
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''देश के यशस्वी गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी से मुलाकात कर सुरक्षा, सुशासन एवं बिहार के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।''
NDA नेताओं से मिल रहे सम्राट
सम्राट चौधरी इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं और लगातार एनडीए के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। अमित शाह से मुलाकात से पहले सम्राट चौधरी ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े से मुलाकात की थी, जबकि शाह से मुलाकात के बाद बिहार के मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ बैठक की।
किन-किन नेताओं से मिले सम्राट
सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल विस्तार से जुड़ी एक लिस्ट लेकर दिल्ली आए हैं, जहां पर वह एनडीए के बड़े नेताओं से इसको लेकर मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री लल्लन सिंह, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से भी मुलाकात की है।
नीतीश से मिल दिल्ली आए चौधरी
दिल्ली रवाना होने से पहले सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की थी। दोनों के बीच लगभग आधे घंटे तक बातचीत हुई और ऐसा माना जा रहा है कि जदयू कोटे के नाम को लेकर इस मुलाकात में सहमति बन गई है। हालांकि, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, जदयू और भाजपा दोनों के कोटे से मंत्रिमंडल में नए चेहरे दिखाई दे सकते हैं। जदयू कोटे से तीन नए चेहरे, जबकि बाकी पुराने चेहरों को शामिल किया जा सकता है।
